शराब के लिए पैसे न मिलने पर कलयुगी बेटे ने मां की कर दी हत्या, फतेहपुर की दिल दहला देने वाली वारदात
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक चौंकाने वाली घटना घटी है, जहां एक बेटे ने शराब के पैसे देने से इनकार करने पर अपनी मां की लोहे की रॉड से कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मालवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में एक बेटे ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपनी ही मां को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी अपनी मां को तड़पता हुआ देखता रहा। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ हालत देखकर सभी के होश उड़ गए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नशे में धुत होकर मां से मांगे थे पैसे
मृतका माया देवी के पति रामचंद्र रैदास मालवा थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटे हैं, आकाश और अरविंद कुमार। बड़ा बेटा अरविंद शराब का आदी है, जबकि छोटा बेटा प्राइवेट काम करता है। अरविंद आए दिन अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगता था। घटना वाले दिन करीब चार बजे अरविंद नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से पैसे की मांग करने लगा। जब माया देवी ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने घर में खड़ी मोटरसाइकिल की सॉकर रॉड उठाकर मां पर हमला कर दिया। हमले में माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन माया देवी को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। देवरा शिव पूजन ने बताया कि वारदात के बाद अरविंद नशे की हालत में ही मां को तड़पता देखता रहा और मौके पर बैठा रहा। जब पड़ोसी इकट्ठा हुए तो वह वहां से फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी अरविंद कुमार को दीवान का पूर्व मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(रिपोर्ट- देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
