महोबा में हेडमास्टर की शर्मनाक हरकत! स्मार्ट क्लास में अश्लील गाना चलाकर बेंच पर सोए, ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच हुई शुरू

महोबा के टिकरी प्राथमिक विद्यालय में हेडमास्टर पर स्मार्ट क्लास की LED स्क्रीन पर अश्लील भोजपुरी गाना चलाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर शिकायत की, बीएसए ने जांच के आदेश दिए हैं।

Jul 10, 2026 - 12:51
Jul 10, 2026 - 12:51
 0
महोबा में हेडमास्टर की शर्मनाक हरकत! स्मार्ट क्लास में अश्लील गाना चलाकर बेंच पर सोए, ग्रामीणों की शिकायत के बाद जांच हुई शुरू

सरकारी स्कूल में बच्चों की पढ़ाई के लिए लगाई गई स्मार्ट क्लास की स्क्रीन इस बार पढ़ाई नहीं, बल्कि एक विवादित वीडियो के कारण चर्चा में आ गई। महोबा के एक प्राथमिक विद्यालय में हेडमास्टर पर आरोप लगा है कि उन्होंने स्मार्ट क्लास की LED स्क्रीन पर अश्लील भोजपुरी गाना चला दिया और खुद उसी कमरे में बेंच पर लेटकर आराम करने लगे। तेज आवाज में गाना बजता रहा और हेडमास्टर वहीं लेटे रहे। इस पूरी घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसके बाद ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं।

छुट्टी के बाद स्कूल पहुंचे हेडमास्टर
यह मामला महोबा जिले के खरेला क्षेत्र के टिकरी प्राथमिक विद्यालय का है। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित इस स्कूल में काली पहाड़ी गांव निवासी रमेश चंद्र पिछले एक साल से हेडमास्टर के पद पर तैनात हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, 8 जुलाई को स्कूल की छुट्टी होने के बाद हेडमास्टर शाम करीब 4 बजे दोबारा स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उस समय वह नशे की हालत में थे। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में पहुंचने के बाद हेडमास्टर स्मार्ट क्लासरूम में गए और बच्चों की पढ़ाई के लिए लगाई गई डिजिटल टीवी स्क्रीन पर अश्लील भोजपुरी गाने चला दिए। इसके बाद वह वहीं रखी बेंच पर लेट गए।

आवाज देकर उठाते रहे ग्रामीण, लेकिन नहीं उठे हेडमास्टर
ग्रामीणों के अनुसार, स्मार्ट क्लास से तेज आवाज में गाना बज रहा था। हेडमास्टर बेंच पर लेटे हुए थे और पैर हिलाते हुए गाना सुन रहे थे। लोगों ने उन्हें कई बार आवाज देकर उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में टीवी का रिमोट भी हेडमास्टर की बेंच पर रखा दिखाई दे रहा है।

ग्रामीण बोले- स्कूल में होती है शराब पार्टी
ग्रामीणों ने बीएसए राहुल मिश्रा को दी शिकायत में हेडमास्टर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि हेडमास्टर अक्सर स्कूल परिसर में ही रहते हैं और ज्यादातर समय नशे की हालत में रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वह बच्चों के सामने अंडरवियर और तौलिया पहनकर घूमते हैं। इसके अलावा उन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, गाली-गलौज करने और स्कूल परिसर में रात के समय शराबियों का जमावड़ा लगने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो हेडमास्टर ने उन्हें धमकाया।

BSA बोले- दोषी पाए गए तो होगी कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं। बीएसए राहुल मिश्रा ने बताया कि हेड मास्टर की शिकायत ग्रामीणों ने की है। उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। स्कूल परिसर में ऐसा करना गलत है। मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद हेड मास्टर पर कार्रवाई की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही यह साफ होगा कि हेडमास्टर पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0