गूगल क्रोम में आया Gemini AI असिस्टेंट, इंटरनेट इस्तेमाल करना हुआ और आसान
गूगल ने क्रोम में ऑटो ब्राउज़ फीचर के साथ जेमिनी एआई असिस्टेंट पेश किया है, जिससे उपयोगकर्ता यात्राओं की योजना बना सकते हैं, ईमेल लिख सकते हैं, फॉर्म भर सकते हैं और वेबसाइटों को स्वचालित रूप से ब्राउज़ कर सकते हैं।
इंटरनेट पर जानकारी खोजना, ट्रिप प्लान करना और रोजमर्रा के ऑनलाइन काम अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाले हैं। गूगल ने अपने क्रोम ब्राउजर में नया Gemini AI असिस्टेंट जोड़ दिया है। इस नए फीचर की मदद से यूजर बिना जीमेल खोले ईमेल लिख सकेंगे और वेबसाइट्स पर खुद क्लिक करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। गूगल का यह नया फीचर ‘ऑटो ब्राउज’ नाम से पेश किया गया है, जो यूजर की तरफ से एक एआई एजेंट की तरह काम करेगा। कंपनी का कहना है कि इससे शॉपिंग, ट्रैवल प्लानिंग और कई जरूरी ऑनलाइन काम तेजी से पूरे हो सकेंगे।
ऑटो ब्राउज फीचर कैसे करेगा काम
Gemini AI असिस्टेंट वेबसाइट्स को खोल सकता है, उनमें मौजूद ऑप्शन्स पर क्लिक कर सकता है और जरूरी जानकारी निकाल सकता है। गूगल के प्रोडक्ट डायरेक्टर चार्मैन डी सिल्वा के मुताबिक, क्रोम यूजर्स अब जेमिनी की मदद से परिवार के लिए ट्रिप प्लान कर सकते हैं। यह अलग-अलग एयरलाइन और होटल की वेबसाइट खोलकर कीमतों की तुलना करेगा और बेहतर विकल्प सुझाएगा। इतना ही नहीं, यह यूजर की जगह ईमेल भी लिख सकता है, वह भी बिना जीमेल ओपन किए।
कई कामों में टेस्टर्स ने किया इस्तेमाल
गूगल क्रोम की वाइस प्रेसिडेंट पैरिसा तब्रीज ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि टेस्टिंग के दौरान इस एआई फीचर का इस्तेमाल कई तरह के कामों में किया गया। इसमें अपॉइंटमेंट बुक करना, ऑनलाइन फॉर्म भरना, टैक्स से जुड़े डॉक्यूमेंट इकट्ठा करना, प्लंबर और इलेक्ट्रीशियन से कोटेशन लेना, बिल चेक करना, खर्च की रिपोर्ट फाइल करना, सब्सक्रिप्शन मैनेज करना और ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू करवाना शामिल है। इन सभी कामों में यूजर्स का काफी समय बचा।
आपकी तरफ से साइन इन और पर्सनल मदद
गूगल ने हाल ही में बताया था कि जेमिनी आपके जीमेल, सर्च, फोटो और यूट्यूब डेटा का इस्तेमाल कर बेहतर जवाब दे सकता है। जब यह ‘पर्सनल इंटेलिजेंस’ फीचर क्रोम में पूरी तरह एक्टिव होगा, तो जेमिनी ट्रिप से जुड़ी पूरी योजना बनाने में मदद करेगा। यह स्कूल के शेड्यूल और पहले से तय अपॉइंटमेंट्स देखकर सबसे सही विकल्प चुनेगा। गूगल पासवर्ड मैनेजर की मदद से यह आपकी तरफ से वेबसाइट्स में साइन इन भी कर सकेगा। फिलहाल यह फीचर अमेरिका में AI प्रो और AI अल्ट्रा सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है।
क्रोम में आया नैनो बनाना और बदलेगा इंटरफेस
ऑटो ब्राउज के साथ गूगल ने अपना इमेज जनरेशन टूल ‘नैनो बनाना’ भी सीधे क्रोम में जोड़ दिया है। कंपनी ने साफ किया है कि AI आपकी अनुमति के बिना कोई फाइनल फैसला नहीं लेगा। इसके अलावा क्रोम का इंटरफेस भी बदलेगा। अब ब्राउजर के दाईं ओर एक स्थायी पैनल रहेगा, जिसमें जेमिनी चैटबॉट हमेशा मौजूद होगा, चाहे आप किसी भी वेबसाइट पर हों।
अन्य एआई ब्राउजर के लिए बढ़ सकती हैं चुनौतियां
AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच OpenAI और Perplexity जैसी कंपनियों ने अपने एआई ब्राउजर लॉन्च किए हैं। लेकिन ज्यादातर लोग पहले से ही गूगल क्रोम का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में क्रोम में ही एडवांस एआई फीचर्स मिलने से Perplexity के Comet और OpenAI के Atlas जैसे ब्राउजर के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। क्योंकि जब एक ही ब्राउजर में सभी सुविधाएं मिलेंगी, तो यूजर्स के लिए ब्राउजर बदलने की जरूरत कम हो जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0