फिरोजाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, पिता पर बेटे की हत्या का आरोप
फिरोजाबाद के नगला मवासी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपने 12 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी और शव को एक बक्से में छिपा दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला मवासी में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही 12 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पिता शव को बक्से में रखकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी पिता की तलाश शुरू कर दी गई है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पत्नी के स्कूल से लौटने पर हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार गांव नगला मवासी निवासी राजेश कुमार की पत्नी उर्मिला एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल चली गई थीं। जब वह स्कूल से वापस लौटीं तो घर में जगह-जगह खून फैला हुआ था। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग घर के अंदर पहुंचे। लोगों ने देखा कि एक बक्से से खून निकल रहा है। जब बक्सा खोला गया तो उसके अंदर 12 साल के मयंक का शव पड़ा था। बच्चे की धारदार हथियार से हत्या की गई थी।
पिता की गैरमौजूदगी से गहराया शक
घटना के समय घर में पिता राजेश कुमार मौजूद नहीं था। इस कारण लोगों का शक उसी पर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पिता की तलाश तेज कर दी गई है।
जान बचाने के लिए बच्चे ने किया था संघर्ष
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मयंक ने अपनी जान बचाने की पूरी कोशिश की थी। जब आरोपी पिता ने हंसिये से उस पर हमला किया, तो बच्चा कमरे, रसोई और सीढ़ियों की ओर भागता रहा। पूरे घर में खून के छींटे इस संघर्ष की कहानी बता रहे हैं।
पहले से बनाई गई थी हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक आरोपी राजेश कुमार ने यह वारदात पहले से योजना बनाकर की थी। सोमवार को वह फैक्टरी में काम पर नहीं गया था। उसकी बेटी महिमा ननिहाल से घर लौटी थी, इसलिए उसने अपना प्लान बदल दिया। उसने महिमा के ट्यूशन जाने का इंतजार किया। दोपहर करीब दो बजे जब महिमा घर से चली गई और मयंक अकेला रह गया, तभी राजेश ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0