अमेठी में ग्रामसभा की भूमि पर अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

अमेठी के ग्रामीणों ने ग्राम सभा की जमीन और तालाब क्षेत्र पर अवैध खनन का आरोप लगाया है। कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम आशीष सिंह को शिकायत सौंपी।

Feb 13, 2026 - 15:09
 0
अमेठी में ग्रामसभा की भूमि पर अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

Uttar Pradesh News: अमेठी तहसील क्षेत्र के ग्राम कटरा रानी मजरा मनीरामपुर में ग्रामसभा की सरकारी भूमि पर अवैध खनन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी अमेठी आशीष सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि तालाब और उससे सटी सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर खुदाई कर मिट्टी बेची गई। इस घटना से गांव में नाराजगी का माहौल है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई चाहते हैं।

तालाब और सरकारी भूमि पर जेसीबी से खुदाई का आरोप
शिकायतकर्ताओं चंद्र भवन, विजय बहादुर, हरिकेश चौहान, राम किशोर, रामबली, अलगू और परमात्मा दीन सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्रामसभा के तालाब और उसके पास की सरकारी जमीन, जहां कई फलदार वृक्ष लगे थे, वहां जेसीबी मशीन और डंपरों से बड़े स्तर पर खुदाई की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह खुदाई बिना किसी वैध अनुमति के कराई गई, जिससे ग्रामसभा की संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।

प्रधान प्रतिनिधि पर मिट्टी बेचने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मनीरामपुर ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि कमल यादव उर्फ गया प्रसाद द्वारा तालाब से हजारों डंपर मिट्टी का अवैध खनन कराया गया और उसे बेचा गया। खुदाई के दौरान मौके पर लगे कई फलदार पेड़ों को भी उखाड़ दिया गया। इससे न केवल सरकारी जमीन को क्षति पहुंची, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की खुदाई से जल संरक्षण व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। शिकायतकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ अवैध खनन, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पर्यावरण को क्षति पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने शिकायत मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।