61 साल की उम्र में तीसरी बार दूल्हा बनेंगे आमिर खान! 5 जुलाई को गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट संग होगी प्राइवेट शादी, 25 साल की दोस्ती अब रिश्ते में बदलेगी
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने अपनी तीसरी शादी पर आखिरकार मुहर लगा दी है। 25 साल पुरानी दोस्ती, दो शादियां, दो तलाक और अब जिंदगी की नई शुरुआत। कौन हैं गौरी स्प्रैट और क्यों आमिर ने कहा कि अब जाकर मैं मुकम्मल हुआ हूं ?
Slugबॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने आखिरकार अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। लंबे समय से रिलेशनशिप की खबरों के बीच गुरुवार को उन्होंने पहली बार सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया कि वह 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि यह शादी किसी फाइव स्टार होटल या भव्य वेडिंग वेन्यू में नहीं, बल्कि उनके घर पर बेहद निजी समारोह में होगी, जहां सिर्फ परिवार के सदस्य और चुनिंदा करीबी दोस्त ही मौजूद रहेंगे। मीडिया से बातचीत में आमिर ने मुस्कुराते हुए सभी से आशीर्वाद और शुभकामनाएं मांगीं। इस दौरान उनके बेटे जुनैद खान भी उनके साथ मौजूद रहे।
25 साल पहले हुई थी पहली मुलाकात
आमिर और गौरी स्प्रैट की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों एक-दूसरे को पिछले 25 वर्षों से जानते हैं। शुरुआत एक सामान्य दोस्ती से हुई, लेकिन समय के साथ यह रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला कर लिया। आमिर ने पहली बार मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी को दुनिया से मिलवाया था। इसके बाद से दोनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और पारिवारिक आयोजनों में साथ दिखाई दिए। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा।
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली एक सफल सैलून एंटरप्रेन्योर और फैशन प्रोफेशनल हैं। उनका पारिवारिक बैकग्राउंड भी काफी अलग है। उनके पिता तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं, जबकि मां पंजाबी-आयरिश परिवार से आती हैं। गौरी भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ब्रिटिश कम्युनिस्ट फिलिप स्प्रैट की पोती हैं। गौरी भी पहले शादीशुदा रह चुकी हैं और उनका एक सात साल का बेटा है। पिछले दो वर्षों से वह अपने बेटे के साथ मुंबई में रह रही हैं।
'अब जाकर मैं मुकम्मल हुआ हूं'
कुछ समय पहले दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने गौरी के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि गौरी के साथ उन्हें सुकून और संतुलन मिला है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि रीना दत्ता और किरण राव के साथ भी उनके रिश्ते बेहद सम्मानजनक और गहरे थे, लेकिन वक्त के साथ परिस्थितियां बदल गईं। आमिर ने कहा था कि मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि गौरी मेरी जिंदगी में आईं। मुझे लगता है कि अब जाकर मैं मुकम्मल हुआ हूं।
दो रिश्ते टूटे, लेकिन सम्मान आज भी कायम
आमिर ने 1986 में रीना दत्ता से लव मैरिज की थी। दोनों के दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। करीब 16 साल साथ रहने के बाद 2002 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद 2005 में उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों का बेटा आजाद है, जिसका जन्म IVF तकनीक से हुआ। जुलाई 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया। हालांकि तलाक के बाद भी दोनों के रिश्तों में कड़वाहट नहीं आई। वे आज भी अपने बेटे की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं और कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर रहे हैं।
सिर्फ परिवार की मौजूदगी में होगी शादी
आमिर ने साफ किया कि उनकी तीसरी शादी पूरी तरह निजी होगी। समारोह में केवल दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ बेहद करीबी दोस्त शामिल होंगे। किसी बड़े बॉलीवुड रिसेप्शन या भव्य सेलिब्रेशन की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
