सलमान खान के घर के बाहर पुलिसवाले की मौत, लॉरेंस गैंग से सुरक्षा के लिए थे तैनात, ड्यूटी के दौरान अचानक गिरे, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर तैनात 41 वर्षीय पुलिस कॉन्स्टेबल गणेश की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मौत हार्ट अटैक से हुई। वे सलमान की सुरक्षा में तैनात जवानों में शामिल थे।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय कॉन्स्टेबल गणेश के रूप में हुई है। वे सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली धमकियों के बाद उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों में शामिल थे। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान कॉन्स्टेबल गणेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फिलहाल पुलिस की निगरानी जारी है और अभिनेता को सुरक्षा दी जा रही है।
लॉरेंस गैंग की धमकियों के बाद बढ़ाई गई थी सलमान की सुरक्षा
सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से लगातार धमकियां मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। महाराष्ट्र सरकार की ओर से उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 11 जवान हर समय सलमान के साथ रहते हैं। इनमें एक या दो कमांडो और दो PSO भी शामिल होते हैं। सलमान की सुरक्षा में उनकी गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट वाहन भी चलते हैं। सलमान की गाड़ी को भी बुलेटप्रूफ बनाया गया है। गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग के बाद उनके घर की सुरक्षा और बढ़ा दी गई थी। अपार्टमेंट की बालकनी को बुलेटप्रूफ किया गया और आसपास हाई रेजोल्यूशन कैमरे भी लगाए गए हैं।
14 अप्रैल 2024 को गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई थी फायरिंग
सलमान खान के घर के बाहर 14 अप्रैल 2024 को फायरिंग की घटना हुई थी। दो बाइक सवार लोगों ने बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के समय सलमान खान अपने घर में ही मौजूद थे। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी और सलमान खान की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया था। जांच में यह बात सामने आई थी कि फायरिंग का मकसद सलमान खान को डराना था। जांच एजेंसियों ने इस हमले को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़कर देखा था।
काले हिरण के शिकार मामले के बाद लॉरेंस ने दी थी धमकी
लॉरेंस बिश्नोई का नाम 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद देशभर में चर्चा में आया था। लॉरेंस गैंग की ओर से सलमान खान को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। सलमान खान का नाम 1998 के काले हिरण के शिकार मामले में सामने आया था। इसी मामले को लेकर लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान को खुले तौर पर जान से मारने की धमकी दी थी।
सलमान बोले थे- जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है
पिछले साल सलमान खान ने मुंबई के बांद्रा इलाके के एक फाइव स्टार होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर बात की थी। उन्होंने माना था कि कई सुरक्षाकर्मियों के साथ लगातार घूमना कभी-कभी उनके लिए परेशानी का कारण बन जाता है। सलमान ने यह भी कहा था कि उन्हें धमकियों से डर नहीं लगता और उन्होंने अपनी सुरक्षा और देखभाल भगवान पर छोड़ दी है। सलमान ने मीडिया से कहा था, भगवान, अल्लाह सब उन पर है। जितनी उम्र लिखी है, उतनी लिखी है। बस यही है। कभी-कभी इतने सारे लोगों के साथ घूमना परेशानी का सबब बन जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
