'इसकी इतनी हिम्मत मुझे डसेगा' कोबरा ने 3 बार डसा तो भड़का युवक, युवक ने कलाई में लपेटकर दांत से काटने की कोशिश की 

बाराबंकी में शराब के नशे में एक युवक को कोबरा ने तीन बार डसा, लेकिन उसने सांप को नहीं छोड़ा। युवक ने कोबरा को मारकर हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा और मरे सांप को दांत से काटने की कोशिश तक की।

Aug 16, 2026 - 13:13
 0
'इसकी इतनी हिम्मत मुझे डसेगा' कोबरा ने 3 बार डसा तो भड़का युवक, युवक ने कलाई में लपेटकर दांत से काटने की कोशिश की 

बाराबंकी में एक युवक की ऐसी हरकत सामने आई है, जिसे देखकर गांव के लोग भी हैरान रह गए। शराब के नशे में युवक कोबरा सांप से भिड़ गया। सांप ने उसे एक-दो नहीं, बल्कि तीन बार डसा, लेकिन युवक ने उसे छोड़ने से इनकार कर दिया। उसने सांप को अपनी कलाई में लपेट लिया और उसके काटने के बाद भी उसे पकड़े रहा। इसके बाद युवक ने सांप को डंडे से कूचकर मार डाला। मामला यहीं नहीं रुका। युवक मरे हुए सांप को हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा और उसे दांत से काटने की कोशिश तक की। आसपास मौजूद लोग उसे रोकते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के बैरानामऊ मंझारी गांव की है। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है।

पड़ोसी के घर निकला था कोबरा
बैरानामऊ मंझारी गांव निवासी संजय (35) पुत्र सोनेलाल किसान है। परिवार में उसके दो बच्चे, मां-पिता और बहन हैं। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। गुरुवार रात करीब 8 बजे पड़ोसी चंदर यादव के घर पर कोबरा निकल आया। इसकी जानकारी होने पर संजय भी वहां पहुंच गया। उस समय वह शराब के नशे में था। उसने सांप को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी। लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सांप से भिड़ गया। इसी दौरान सांप ने उसे तीन बार डस लिया। इसके बावजूद संजय ने सांप को नहीं छोड़ा।

नशे में धुत शख्स ने कलाई में लपेट लिया सांप
सांप के डसने के बाद भी संजय उसे पकड़े रहा। उसने सांप को अपनी कलाई में लपेट लिया। सांप को उससे अलग करने के लिए पड़ोसी और ग्रामीण लगातार कोशिश करते रहे। वीडियो में कुछ लोग एक तरफ से सांप को खींचते नजर आ रहे हैं, जबकि संजय दूसरी तरफ से उसे पकड़े हुए है। लोग उसे समझाते रहे और सांप छोड़ने के लिए कहते रहे, लेकिन नशे में धुत संजय पीछे हटने को तैयार नहीं था। वह गुस्से में बार-बार कह रहा था, ये हमको काटेगा, इसके इतनी हिम्मत।

सांप को डंडे से कूचकर मार डाला
संजय ने आखिरकार सांप को डंडे से कूचकर मार डाला। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह मरे हुए सांप को हाथ में लेकर गांव में घूमने लगा। उसे इस हालत में देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने उसे रोकने और इलाज कराने की सलाह दी। इसी दौरान संजय ने मरे हुए सांप को मुंह से काटने की कोशिश तक की। उसकी बहन रेखा समेत कई ग्रामीण उसे रोकते रहे। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिवार और ग्रामीण उसे शांत करा सके। ग्रामीणों के मुताबिक, सांप करीब साढ़े तीन फीट लंबा था। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शेर बहादुर, रामचंदर, आरके चौहान, रामलखन, बैठू और सूबेदार समेत अन्य ग्रामीणों ने सांप को कोबरा बताया।

तीन बार डसने के बाद भी अस्पताल जाने से करता रहा इनकार
सबसे चिंता की बात यह रही कि सांप के तीन बार डसने के बावजूद संजय अस्पताल जाने के लिए तैयार नहीं था। ग्रामीण उसे लगातार इलाज कराने के लिए कहते रहे, लेकिन वह उनकी बात नहीं मान रहा था। घटना के करीब एक घंटे बाद ग्राम प्रधान को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने परिजनों की मदद से संजय को सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे एंटी वेनम इंजेक्शन दिया और ग्लूकोज चढ़ाया। उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया।

डॉक्टर बोले- सांप के डसने पर देरी करना खतरनाक
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी ने बताया कि सांप के डसने के बाद इस तरह की हरकत नहीं करनी चाहिए। सांप के काटने पर बिना समय गंवाए तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए। संजय की हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया था। घटना के संबंध में ग्रामीणों के अनुसार पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद युवक की हरकत गांव से बाहर भी चर्चा में आ गई है। बाराबंकी की इस घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जहरीले सांप के तीन बार डसने के बाद भी युवक ने उसे छोड़ने के बजाय उससे भिड़ना जारी रखा। नशे में उठाया गया यह कदम उसकी जान पर भारी पड़ सकता था। समय रहते अस्पताल पहुंचने के कारण फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content