'मोटी जिहादी, पॉकेट मार की तरह पहनती है कपड़े', बिना नाम लिए कंगना ने एक्ट्रेस पर साधा निशाना, स्टूडेंट प्रोटेस्ट विवाद के बीच चर्चा में नया पोस्ट
स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर दिए गए बयानों को लेकर पहले से घिरीं कंगना रनोट ने अब बिना नाम लिए एक एक्ट्रेस पर तीखा हमला बोला है। पहनावे, भाषा और पति तक पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कई सवाल उठाए। आखिर किस ओर इशारा है और क्यों बढ़ रहा है विवाद?
स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर लगातार विवादों में चल रहीं भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने अब सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए एक अभिनेत्री पर तीखी टिप्पणी की है। कंगना ने अपने पोस्ट में उस अभिनेत्री के पहनावे, बोलने के अंदाज और सोच पर सवाल उठाए। इतना ही नहीं, उन्होंने पति को लेकर भी टिप्पणी की। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, कंगना ने अपने किसी भी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है और न ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हुई है।
विवाद के बीच कंगना का नया पोस्ट
कंगना रनोट ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट री-शेयर किया, जिसमें लिखा था कि नाम नहीं लूंगा पर एक मोटी जिहादी कूद-कूद कर नीट प्रोटेस्ट पर वीडियो बना रही थी। पर झारखंड प्रोटेस्ट के टाइम मुंह बंद है। इस पोस्ट को साझा करते हुए कंगना ने लिखा कि उनके बारे में भी इस तरह की कई फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं और यह पोस्ट भी पूरी तरह झूठी है।
री-शेयर पोस्ट के बाद लिखा- ऐसे कपड़े पहनती है, जैसे कोई पॉकेटमार हो
कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा, मैं किसी को शर्मिंदा नहीं करना चाहती, लेकिन मैंने देखा है कि इन दिनों एक एक्ट्रेस ऐसे कपड़े पहनती है और ऐसे बात करती है जैसे कोई पॉकेटमार हो। वह हाफ पैंट, उल्टी कैप पहनती है और प्रदर्शनकारियों के गटरछाप व्यवहार का जोश के साथ समर्थन करते हुए जेबकतरे जैसी भाषा बोलती है। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई कि आखिर कंगना का इशारा किस अभिनेत्री की ओर है।
पहनावे से लेकर सोच तक पर की टिप्पणी
इसके बाद कंगना ने लिखा कि उनका मानना है कि व्यक्ति का पहनावा उसकी सोच और व्यक्तित्व को भी दर्शाता है। उन्होंने लिखा कि मुझे हमेशा लगता है कि आप जिस तरह के कपड़े पहनते हैं, उसका सीधा असर आपकी सोच और व्यक्तित्व पर दिखाई देता है। मेरी प्यारी साथी एक्ट्रेस, अगर आपका पुरुष साथी आपको जेबकतरे जैसा महसूस करा रहा है, तो मुझे अफसोस है। आप पहले बहुत सलीके से कपड़े पहनती थीं और बेहद शालीनता से बात करती थीं। आपको क्या हो गया? आपकी राय आपकी अपनी है, लेकिन अपने स्टाइल पर थोड़ा और ध्यान दें। अगर आपको मदद की जरूरत हो, तो मैं हमेशा आपके लिए मौजूद हूं।
वीडियो में धर्म और राजनीति पर भी बोलीं कंगना
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कंगना ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्होंने धर्म और राजनीति पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की कुछ अभिनेत्रियां लंबे समय तक धर्म और राजनीति के मुद्दों पर न्यूट्रल रहती हैं, लेकिन इस्लामिस्ट से संबंध रखने और शादी के बाद लेफ्टिस्ट विचारधारा का समर्थन करने लगती हैं। वीडियो में कंगना ने कहा कि इसमें कोई आपत्ति नहीं है। संविधान इसकी इजाजत देता है, लेकिन दिक्कत ये है कि मैं एक मॉडरेट हिंदू थी। तो मुझे अब संघी बनने पर तंज क्यों दिया जाता है। मैं क्यों नहीं कन्वर्ट हो सकती। उन्होंने आगे कहा कि वह पहले खुद को मॉडर्न मानती थीं, लेकिन अब कट्टर हिंदू बन रही हैं और इसमें किसी दूसरे को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
आखिर किस ओर है इशारा?
कंगना ने अपने किसी भी पोस्ट या वीडियो में किसी अभिनेत्री का नाम नहीं लिया है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स उनके पोस्ट को अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा से जोड़कर देख रहे हैं। दरअसल सोनाक्षी सिन्हा उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं, जिन्होंने स्टूडेंट प्रोटेस्ट का खुलकर समर्थन किया था। उन्होंने इस मुद्दे पर कई वीडियो साझा किए थे, जिनमें वह अक्सर शॉर्ट्स और कैप पहने नजर आई थीं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि कंगना का इशारा उन्हीं की ओर हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर पहले भी विवादों में रह चुकी हैं कंगना
यह पहला मौका नहीं है जब स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर कंगना रनोट के बयान विवादों में आए हों। हाल ही में उन्होंने जेन-जी लड़कियों को "गटर जनरेशन" कहा था। साथ ही कहा था कि इस पीढ़ी की महिलाएं कई पुरुषों के साथ यौन संबंध बनाने को आजादी मानती हैं और वे हाउसवाइफ तक नहीं बन सकतीं। उन्होंने यह भी कहा था कि कम उम्र की लड़कियों को तेजी से सेक्शुअलाइज किया जा रहा है। इन बयानों के बाद उनकी व्यापक आलोचना हुई थी। गायक विशाल ददलानी और अभिनेता सोनू सूद समेत कई हस्तियों ने सार्वजनिक रूप से उनके बयान का विरोध किया था।
पुराने वीडियो वायरल होने पर दिया जवाब
विवाद बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर कंगना रनोट की फिल्मों के पुराने दृश्य और बोल्ड तस्वीरें भी वायरल होने लगीं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने लिखा कि उनकी फिल्मों के किरदारों, हाई-प्रोफाइल इवेंट्स और सार्वजनिक कार्यक्रमों की तस्वीरों की तुलना आम जिंदगी से नहीं की जा सकती। उन्होंने लिखा कि आप मेरी फिल्मों के किरदारों वाले क्लिप्स इस्तेमाल करना चाहते हैं, जिनके लिए मुझे करोड़ों रुपये का भुगतान किया जाता है। आप मेरे हाई-प्रोफाइल शो और बिजनेस इवेंट्स की तस्वीरें और वीडियो इस्तेमाल करना चाहते हैं, जहां मैं अपनी टीम, इवेंट प्लानर्स और सुरक्षा कर्मियों से घिरी रहती हूं। क्या आप इन सबका इस्तेमाल करके किसी कम उम्र और आसानी से प्रभावित होने वाली लड़की को यह यकीन दिलाना चाहते हैं कि वह भी सड़क पर, स्कूल के कार्यक्रमों में या घटिया क्लबों में ऐसा ही व्यवहार कर सकती है? क्या दोनों बातें एक जैसी हैं? युवाओं को गुमराह मत कीजिए। यह एक जैसी बात नहीं है। आज आप दूसरों के बच्चों को गुमराह कर रहे हैं, कल यही बारी आपके अपने बच्चों की भी आ सकती है।"
फिलहाल किसी अभिनेत्री की प्रतिक्रिया नहीं
कंगना रनोट के इस पोस्ट और वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बहस लगातार तेज होती जा रही है। जहां एक ओर उनके समर्थक उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे व्यक्तिगत टिप्पणी बता रहे हैं। जिस अभिनेत्री की ओर इशारा किए जाने की चर्चा है, उनकी ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
