लॉरेंस गैंग की धमकी के बाद बढ़ाई गई आमिर खान की सुरक्षा, वायरल ऑडियो-लेटर की जांच में जुटी पुलिस, तीसरी शादी पर शुरू हुआ था विवाद

आमिर खान की तीसरी शादी के बाद अब कथित धमकी का मामला चर्चा में है। वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है। आखिर क्या है पूरा मामला, क्या कहा पुलिस ने, क्यों उठा लव जिहाद का विवाद और आमिर ने इन आरोपों पर क्या जवाब दिया?

Jul 19, 2026 - 12:22
 0
लॉरेंस गैंग की धमकी के बाद बढ़ाई गई आमिर खान की सुरक्षा, वायरल ऑडियो-लेटर की जांच में जुटी पुलिस, तीसरी शादी पर शुरू हुआ था विवाद

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि उनकी तीसरी शादी के बाद सामने आई एक कथित धमकी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप और कथित लेटर में लॉरेंस गैंग के नाम से आमिर खान को जान से मारने की धमकी देने का दावा किया गया है। मामला सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने अभिनेता के बांद्रा पश्चिम स्थित पाली हिल वाले घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

देश से बाहर हैं आमिर खान, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान इस समय देश से बाहर हैं। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर उनके घर के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुंबई पुलिस कमिश्नर देवन भारती ने कहा कि हम सोशल मीडिया पोस्ट और वॉयस क्लिप की सत्यता की जांच कर रहे हैं। यानी फिलहाल पुलिस का फोकस वायरल कंटेंट की असलियत जानने पर है।

वायरल लेटर में क्या लिखा गया?
सोशल मीडिया पर वायरल कथित लेटर और ऑडियो में दावा किया गया कि आमिर खान की तीसरी शादी को लव जिहाद बताया गया है। वायरल लेटर में लिखा गया कि हमारे देश में आमिर खान जैसे लोग लव जिहाद को बढ़ावा दे रहे हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसका जवाब बहुत जल्द इसको दिया जाएगा। ये चीज हमारे सनातन धर्म में और देश के खिलाफ है। ये जो स्टारडम के नाम पर इस चीज को बढ़ावा दे रहे हैं, इनकी हम सांसें दबा लेंगे। पुलिस ने साफ किया है कि इस कथित लेटर और ऑडियो की सत्यता अभी प्रमाणित नहीं हुई है।

तीसरी शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
आमिर खान ने 5 जुलाई को अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट से शादी की थी। दोनों ने मुंबई के पाली हिल स्थित आमिर के घर पर स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। यह एक निजी समारोह था, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी लोग शामिल हुए। शादी के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं और कुछ लोगों ने इसे "लव जिहाद" से जोड़ना शुरू कर दिया।

'मेरी किसी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया'
इन आरोपों के बीच आमिर खान ने एक इंटरव्यू में अपनी सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा कि मेरी तीनों शादियों में किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया, क्योंकि शादियां सिविल मैरिज थीं। तीसरी पत्नी गौरी हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेरी बेटी इरा की शादी एक हिंदू से हुई है। मेरी दोनों बहनों निखत खान और फरहत खान के पति भी हिंदू हैं। कजिन मंसूर की शादी एक ईसाई से हुई है।

राजनीतिक और धार्मिक प्रतिक्रियाओं से बढ़ा विवाद
आमिर खान की तीसरी शादी पर कई राजनीतिक और धार्मिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आमिर खान लव जिहाद के ब्रांड एंबेसडर बन रहे हैं। वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि यह आमिर का निजी जीवन है, लेकिन ऐसी चीजें समाज पर गलत असर डाल सकती हैं। इधर, बजरंग दल समेत कुछ संगठनों ने आमिर खान के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला भी फूंका। उनका आरोप था कि आमिर जानबूझकर गैर-मुस्लिम महिलाओं से शादी करते हैं।

अलीगढ़ के मुफ्ती ने शादी को बताया नाजायज 
आमिर खान की शादी को लेकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी प्रतिक्रिया सामने आई। यूपी के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने कहा कि शरीयत के मुताबिक किसी भी मुस्लिम पुरुष के लिए ऐसी गैर-मुस्लिम महिला से शादी करना पूरी तरह गलत और नाजायज है, जो अपने पुराने धर्म पर कायम हो। जिसने मुस्लिम धर्म स्वीकार न किया हो। ऐसी महिला से शादी इस्लाम के नियमों में अवैध है। ऐसा करने वाला मुस्लिम पुरुष भी धार्मिक रूप से गुनहगार है।

अब सबसे बड़ा सवाल जांच पर
फिलहाल पूरे मामले में सबसे अहम पहलू यह है कि कथित धमकी देने वाला ऑडियो और सोशल मीडिया पर वायरल लेटर असली है या फर्जी। मुंबई पुलिस इसी पहलू की जांच कर रही है। जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक वायरल दावों की पुष्टि नहीं मानी जा सकती। एक तरफ तीसरी शादी को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार चर्चा में है, तो दूसरी ओर कथित धमकी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। अब सभी की नजर मुंबई पुलिस की जांच पर टिकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content