एक बार फिर साथ दिखेंगे सलमान खान और संजय दत्त, 21 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म 7 डॉग्स, रियाद में 3 दिन शूट किया था कैमियो
सलमान खान और संजय दत्त एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं। दोनों की इंटरनेशनल एक्शन थ्रिलर फिल्म 7 डॉग्स भारत में 21 अगस्त को रिलीज होगी। फिल्म में दोनों स्टार्स कैमियो रोल में नजर आएंगे। रियाद में दोनों ने तीन दिन शूटिंग की थी।
मुंबई। सलमान खान और संजय दत्त की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। दोनों की इंटरनेशनल एक्शन थ्रिलर फिल्म 7 डॉग्स भारत में रिलीज के लिए तैयार है। सलमान खान ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी है। फिल्म 21 अगस्त को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सलमान खान और संजय दत्त मुख्य भूमिका में नहीं हैं, बल्कि दोनों कैमियो रोल में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी ग्लोबल क्राइम सिंडिकेट और इंटरपोल के बीच संघर्ष पर आधारित है। इसमें मिस्र के कलाकार करीम अब्दुल-अजीज और अहमद एज मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन बिलाल फल्लाह और आदिल एल अरबी ने किया है। 7 डॉग्स इस साल की शुरुआत में मिडिल ईस्ट के देशों में रिलीज हो चुकी है। अब इसे भारतीय दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है।
टीजर में दिखा था सलमान और संजय का अलग अंदाज
फिल्म का टीजर पिछले साल रिलीज किया गया था। टीजर की शुरुआत में संजय दत्त हाथ में बंदूक लिए दिखाई दिए थे। वहीं टीजर के आखिरी हिस्से में सलमान खान सूट-बूट में नजर आए थे। टीजर में दोनों बॉलीवुड स्टार्स की झलक सामने आने के बाद से ही भारतीय दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। अब फिल्म की भारत में रिलीज डेट सामने आने के बाद सलमान और संजय के फैंस के बीच इसका इंतजार और बढ़ गया है।
रियाद में तीन दिन चला था शूटिंग शेड्यूल
7 डॉग्स को सऊदी अरब की जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन तुर्की अल-शेख ने प्रोड्यूस किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान और संजय दत्त के तुर्की अल-शेख के साथ अच्छे संबंध हैं। इसी वजह से दोनों फिल्म में कैमियो करने के लिए तैयार हुए थे। अपने कैमियो रोल की शूटिंग के लिए सलमान खान और संजय दत्त पिछले साल फरवरी में सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंचे थे। दोनों ने वहां तीन दिन के शूटिंग शेड्यूल में अपने हिस्से के सीन शूट किए थे।
ड्रग सिंडिकेट की कहानी पर आधारित है फिल्म
वैराइटी की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 डॉग्स की कहानी एक ग्लोबल क्राइम सिंडिकेट के इर्द-गिर्द घूमती है। इस सिंडिकेट का नाम 7 डॉग्स है। कहानी में इंटरपोल अफसर खालिद अल-अज्जाजी सिंडिकेट के बड़े लीडर घाली अबू दाऊद को गिरफ्तार कर लेता है। इसके करीब एक साल बाद यह सिंडिकेट मिडिल ईस्ट में पिंक लेडी नाम की नई ड्रग्स की तस्करी शुरू कर देता है। इस सिंडिकेट के काम करने के तरीके को खालिद से बेहतर घाली जानता है। ऐसे में उसे मजबूरी में घाली की मदद लेनी पड़ती है। इसके बाद दोनों के बीच की कहानी फिल्म को आगे बढ़ाती है।
साजन से शुरू हुई थी सलमान-संजय की ऑनस्क्रीन जोड़ी
सलमान खान और संजय दत्त की दोस्ती और ऑनस्क्रीन जोड़ी बॉलीवुड दर्शकों के बीच लंबे समय से पसंद की जाती रही है। दोनों ने पहली बार 1991 में रिलीज हुई फिल्म साजन में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों 2000 में रिलीज हुई फिल्म चल मेरे भाई और 2002 में आई ये है जलवा में भी साथ नजर आए। दोनों की जोड़ी को एक बार फिर पिछले साल देखा गया, जब वे इंडो-कनाडियन रैपर एपी ढिल्लों के म्यूजिक वीडियो ओल्ड मनी में साथ दिखाई दिए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
