'अभिजीत दीपके को पुलिस उठा ले गई?' CJP के दावे से मचा बवाल, संसद तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस और किया लाठीचार्ज
CJP का दावा है कि अभिजीत दीपके को जंतर-मंतर से दिल्ली पुलिस हिरासत में लेकर चली गई, जबकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। इसी बीच संसद तक पहुंचे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस, हिरासत, पत्थरबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप ने पूरे घटनाक्रम को और विवादित बना दिया।
नई दिल्ली में सोमवार का दिन राजनीतिक और सुरक्षा दोनों लिहाज से बेहद हलचल भरा रहा। पूरे घटनाक्रम का केंद्र तब बना, जब कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया कि उसके प्रमुख चेहरे अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हिरासत में ले लिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि अभिजीत दीपके को हिरासत में नहीं लिया गया है। इसी दावे और पुलिस के इनकार के बीच राजधानी में CJP समर्थकों का प्रदर्शन तेज हो गया और देखते ही देखते प्रदर्शनकारी संसद भवन के करीब तक पहुंच गए।
संसद की ओर बढ़ी भीड़, बढ़ानी पड़ी सुरक्षा
प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। संसद के मुख्य प्रवेश द्वार की सुरक्षा बढ़ा दी गई और मेन गेट बंद कर दिया गया। उस समय संसद के भीतर प्रधानमंत्री समेत सभी सांसद मौजूद थे और सदन की कार्यवाही चल रही थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। जब भीड़ नहीं रुकी तो आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हट गए।
सुबह से ही कई जगह जुटने लगे थे समर्थक
प्रदर्शन की शुरुआत सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में दिखाई देने लगी थी। राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के आसपास भी CJP समर्थक जमा हुए। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार करते हुए पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने तक पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए।
CJP ने लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप
CJP का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान गीतांजलि जी के साथ मारपीट की गई और उनके बाल खींचे गए। पार्टी का यह भी दावा है कि झड़प में एक 12 वर्षीय बच्ची के सिर में चोट लगी, जबकि 40 से 50 अन्य लोग घायल हुए हैं। इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई अलग आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस का दावा- प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव
दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास तैनात एक सब-इंस्पेक्टर इस पथराव में घायल हो गया। घायल अधिकारी के मुताबिक, वह बैरिकेड्स के पास ड्यूटी पर थे, तभी उनकी ओर पत्थर फेंके गए।
कई लोगों को हिरासत में लिया गया
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें राजधानी के अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया ताकि वे दोबारा एकत्र होकर कानून-व्यवस्था प्रभावित न कर सकें। इसी बीच संसद के पास भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नजदीक से CJP के सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ और चेतावनी के बाद उन्हें छोड़ा जा सकता है। साथ ही उनके बैकग्राउंड की भी जांच की जाएगी।
केजरीवाल ने सरकार से की अपील
वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कराने के बजाय युवाओं की बात सुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को अहंकार छोड़कर संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
