नितिन नवीन की नई टीम में किसका कद बढ़ा, किसे मिली बड़ी जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट...
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। वसुंधरा राजे, राम माधव और बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि स्मृति ईरानी समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। जानिए नई टीम में किस नेता को कौन सा पद मिला और उत्तर प्रदेश को कितनी हिस्सेदारी मिली।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ महिला और युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी हैं। सबसे ज्यादा चर्चा वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा और स्मृति ईरानी जैसे बड़े नामों की हो रही है। नई टीम में संगठन के स्तर पर बीएल संतोष की भूमिका भी बरकरार रखी गई है। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कई राज्यों में संगठन का अनुभव रखने वाले नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पद सौंपे गए हैं।
वसुंधरा राजे और राम माधव बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
बीजेपी की नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ राम माधव, तीरथ सिंह रावत और बैजयंत जय पांडा जैसे प्रमुख नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पवार और सरदार मनप्रीत सिंह बादल समेत कई नेताओं को भी इस पद पर जगह दी गई है। उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इससे राष्ट्रीय संगठन में यूपी की मौजूदगी भी मजबूत दिखाई देती है।
स्मृति ईरानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की नियुक्ति सबसे चर्चित बदलावों में शामिल है। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। स्मृति ईरानी के अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। इनमें सुनील बंसल का नाम संगठन के लिहाज से खास माना जाता है। बीजेपी के संगठन में लंबे समय से सक्रिय बंसल को चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार का अनुभव रहा है।
बीएल संतोष के पास संगठन की कमान
बीजेपी की नई टीम में संगठन के सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक राष्ट्रीय महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी बीएल संतोष के पास ही रहेगी। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन बनाया गया है। यानी संगठन के स्तर पर पार्टी ने अनुभवी चेहरों पर भरोसा कायम रखा है।
यूपी के इन नेताओं को मिली जगह
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। वहीं डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे की कमान दी गई है।
पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
केंद्रीय संगठन में वित्तीय जिम्मेदारी भी बड़े नाम को दी गई है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश मंगल राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष होंगे। वहीं तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट की जिम्मेदारी
बीजेपी ने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी संगठन में खास व्यवस्था की है। डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक बनाया गया है। राजीव बब्बर को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रकोष्ठ संकुल की जिम्मेदारी विष्णु दत्त शर्मा को दी गई है। ऋतुराज सिन्हा और विष्णु वर्धन रेड्डी को सह-संयोजक बनाया गया है।
युवा और महिला मोर्चे की कमान भी तय
बीजेपी की नई टीम में अलग-अलग मोर्चों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि रूप कुमारी चौधरी महिला मोर्चा की अध्यक्ष होंगी। बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा, शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा और डॉ. मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा की जिम्मेदारी मिली है। अमरपाल मौर्य ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली अल्पसंख्यक मोर्चा संभालेंगे।
मीडिया और सोशल मीडिया में भी बदलाव
बीजेपी ने अपनी मीडिया और सोशल मीडिया टीम को भी नई जिम्मेदारियां दी हैं। अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव मीडिया सह संयोजक होंगे। सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दीपक म्हस्के को दी गई है। प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव सोशल मीडिया सह संयोजक बनाए गए हैं।
पूरी लिस्ट देखें-:
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
