वर्कआउट में की गई ये गलतियां बढ़ा सकती हैं घुटनों का दर्द, एक्सपर्ट्स ने दी सावधानी बरतने की सलाह
व्यायाम करते समय गलत मुद्रा, वार्मअप न करना और अत्यधिक व्यायाम करने से घुटनों में दर्द और चोट का खतरा बढ़ सकता है। अपने घुटनों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण फिटनेस टिप्स जानें।
आजकल फिट रहने के लिए लोग जिम, रनिंग, योग और अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। नियमित वर्कआउट शरीर को मजबूत बनाने, वजन कंट्रोल करने और कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है. लेकिन कई बार फिटनेस पाने की जल्दी में लोग ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो शरीर खासकर घुटनों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं. घुटने शरीर का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, जो चलने, दौड़ने, बैठने और उठने जैसी हर गतिविधि में अहम भूमिका निभाते हैं. ऐसे में गलत तरीके से एक्सरसाइज करने पर घुटनों की मांसपेशियों और लिगामेंट्स पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिससे दर्द और इंजरी का खतरा बढ़ जाता है।
वार्मअप न करना पड़ सकता है भारी
फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार कई लोग समय बचाने के चक्कर में सीधे वर्कआउट शुरू कर देते हैं और वार्मअप को नजरअंदाज कर देते हैं। यह सबसे बड़ी गलतियों में से एक मानी जाती है. बिना वार्मअप किए अचानक एक्सरसाइज शुरू करने से घुटनों की मांसपेशियों पर जोर पड़ता है, जिससे दर्द और चोट का खतरा बढ़ सकता है। वार्मअप करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और जोड़ों में फ्लेक्सिबिलिटी आती है. इसलिए रनिंग, स्क्वैट्स या जंपिंग जैसी एक्सरसाइज शुरू करने से पहले कम से कम 10 मिनट तक हल्का वार्मअप जरूर करना चाहिए।
गलत पोस्चर से बढ़ सकता है दबाव
वर्कआउट के दौरान सही पोस्चर बनाए रखना भी बेहद जरूरी है. खासतौर पर स्क्वैट्स, लंजेस और लेग एक्सरसाइज करते समय अगर शरीर का संतुलन सही न हो, तो घुटनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने लगता है. इससे धीरे-धीरे दर्द, सूजन और लिगामेंट इंजरी की समस्या हो सकती है। फिटनेस ट्रेनर की सलाह के अनुसार एक्सरसाइज हमेशा सही तकनीक और संतुलन के साथ करनी चाहिए ताकि शरीर के जोड़ों पर गलत असर न पड़े।
जरूरत से ज्यादा वर्कआउट भी नुकसानदायक
कुछ लोग जल्दी फिट होने के लिए जरूरत से ज्यादा वर्कआउट करने लगते हैं. लगातार हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज करने से घुटनों के जोड़ कमजोर पड़ सकते हैं। शरीर को पर्याप्त आराम न मिलने पर मांसपेशियां ठीक तरह से रिकवर नहीं हो पातीं और दर्द बढ़ सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अपनी क्षमता के अनुसार ही वर्कआउट करना चाहिए और बीच-बीच में शरीर को आराम देना भी जरूरी है।
सही जूते पहनना भी है जरूरी
वर्कआउट के दौरान सही जूतों का चुनाव भी बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है. कई लोग सामान्य जूते पहनकर ही रनिंग या एक्सरसाइज शुरू कर देते हैं, जिससे घुटनों पर ज्यादा झटका पड़ता है। अच्छी क्वालिटी के स्पोर्ट्स शूज पैरों और घुटनों को बेहतर सपोर्ट देते हैं और दबाव को कम करने में मदद करते हैं. इसलिए फिटनेस एक्सपर्ट्स हमेशा सही स्पोर्ट्स शूज पहनकर ही वर्कआउट करने की सलाह देते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
