'अब एनिमल जैसी फिल्में न करें' रामायण का ट्रेलर देख महाभारत के श्रीकृष्ण ने दी रणवीर कपूर को सलाह, बोले - अपनी वाणी को और दूषित न करें 

रामायण का ट्रेलर देखकर नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी की जमकर तारीफ की। फिल्म को ऑस्कर के योग्य बताया। और रणबीर कपूर से एनिमल जैसी फिल्मों को लेकर ऐसी अपील की, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी।

Jul 31, 2026 - 12:03
 0
'अब एनिमल जैसी फिल्में न करें' रामायण का ट्रेलर देख महाभारत के श्रीकृष्ण ने दी रणवीर कपूर को सलाह, बोले - अपनी वाणी को और दूषित न करें 

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। फिल्म के विजुअल्स, भव्यता और स्टारकास्ट की जमकर तारीफ हो रही है। इसी बीच दूरदर्शन के ऐतिहासिक धारावाहिक महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने भी ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। नीतीश भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर ट्रेलर साझा करते हुए फिल्म की खुलकर सराहना की। उन्होंने इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह फिल्म बेस्ट फॉरेन फिल्म श्रेणी में 100 प्रतिशत ऑस्कर की हकदार है। साथ ही उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, कलाकारों और पूरी टीम की जमकर तारीफ की।

नितेश तिवारी को बताया भारतीय सिनेमा का अगला बड़ा नाम
अपनी पोस्ट में नीतीश भारद्वाज ने लिखा कि नितेश तिवारी ने जिस स्तर पर इस फिल्म को तैयार किया है, वह भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद नितेश तिवारी भारतीय फिल्म जगत के अगले बड़े तोहफे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी और पीरियड वर्ल्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। उनके मुताबिक, VFX और AI की मदद से तैयार किया गया फिल्म का संसार कई बड़े पुरस्कार जीतने की क्षमता रखता है।

हैंस जिमर और एआर रहमान की जोड़ी की भी की तारीफ
नीतीश भारद्वाज ने फिल्म के संगीत को भी इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने भारतीय सिनेमा के साथ जुड़ने के लिए हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर का विशेष रूप से धन्यवाद दिया। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हैंस जिमर पहली बार मिलकर तैयार कर रहे हैं। दोनों दिग्गज संगीतकार बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक पर साथ काम कर रहे हैं, जिसे लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।

रणबीर कपूर की तारीफ के साथ दी बड़ी सलाह
पोस्ट का सबसे चर्चित हिस्सा वह रहा, जिसमें नीतीश भारद्वाज ने अभिनेता रणबीर कपूर को सलाह दी। उन्होंने लिखा कि रणबीर अब रणवीर के साथ अगली पीढ़ी के दो बेहतरीन कलाकारों की बराबरी पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने अभिनेता यश का भी स्वागत करते हुए कहा कि वह अब वैश्विक सिनेमा का हिस्सा बन चुके हैं। रणबीर कपूर को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा कि वह हमेशा उन्हें एक शानदार अभिनेता मानते रहे हैं, लेकिन अब उनके ऊपर एक नई सामाजिक जिम्मेदारी भी आ गई है। उन्होंने कहा कि रणबीर को भारत की संस्कृति, विरासत, मूल्यों और परंपराओं को आगे बढ़ाने वाली फिल्मों का हिस्सा बनना चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने लिखा कि अब उन्हें एनिमल जैसी फिल्मों से दूरी बनानी चाहिए, चाहे उसके लिए कितना भी बड़ा ऑफर क्यों न मिले। उन्होंने कहा कि भारत के पास ऐसी कहानियों की कोई कमी नहीं है, जो उनकी अभिनय क्षमता को और बेहतर तरीके से दुनिया के सामने ला सकती हैं।

साई पल्लवी को लेकर भी जताई उम्मीद
नीतीश भारद्वाज ने फिल्म की अभिनेत्री साई पल्लवी का भी जिक्र किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय दर्शक उन्हें माता सीता के रूप में पूरे मन से स्वीकार करेंगे। इसके अलावा उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि फिल्म में कहीं न कहीं गोस्वामी तुलसीदास की चौपाइयों की गूंज भी सुनाई दे। उनके अनुसार मृदंगम और मंजीरे की धुनों के बीच तुलसीदास की चौपाइयां इस महाकाव्य की आत्मा हैं और हर भारतीय के मन से जुड़ी हुई हैं। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि नितेश तिवारी और उनकी टीम की मेहनत के सम्मान में वह रामायण कम से कम पांच बार देखना चाहेंगे।

ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज हुआ ट्रेलर
फिल्म का ट्रेलर 30 जुलाई को सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में दुनिया भर में लॉन्च किया गया। इसे हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में एक साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज किया गया।

दो भागों में आएगी रामायण
नितेश तिवारी पिछले कई वर्षों से इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG संभाल रही है। फिल्म IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज होगी।

फिल्म रामायण की स्टारकास्ट

  • रणबीर कपूर – भगवान राम
  • साई पल्लवी – माता सीता
  • यश – रावण
  • सनी देओल – भगवान हनुमान
  • रवि दुबे – लक्ष्मण
  • अरुण गोविल – राजा दशरथ

कब रिलीज होगी फिल्म?

  • पहला भाग: दिवाली 2026
  • दूसरा भाग: दिवाली 2027

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content