ग्रेटर नोएडा में स्कूल बसों की आमने-सामने भिड़ंत, चीख-पुकार से मचा हड़कंप, कई बच्चे हुए घायल

Uttar Pradesh News: ग्रेटर नोएडा में दो स्कूल बसों की टक्कर में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए और चालक गंभीर रूप से जख्मी है। हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस जांच में जुटी है, जबकि एक बस का चालक फरार है।

Apr 13, 2026 - 10:35
 0
ग्रेटर नोएडा में स्कूल बसों की आमने-सामने भिड़ंत, चीख-पुकार से मचा हड़कंप, कई बच्चे हुए घायल

Uttar Pradesh News: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। रूपवास गांव के पास तेज रफ्तार बस ने एक स्कूल बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जबकि स्कूल बस का चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार से माहौल भयावह हो गया।

सुबह 7 बजे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 7 बजे आमका रोड पर रूपवास गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रामाज्ञा स्कूल की बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सामने से आ रही जीसस मैरी स्कूल की बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

बस में सवार थे 25 बच्चे
घटना के समय जीसस मैरी स्कूल की बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जबकि दूसरी बस खाली बताई जा रही है। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बस चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

चालक की हालत नाजुक, बच्चों का इलाज जारी
डॉक्टरों के अनुसार ज्यादातर बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कुछ बच्चों को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण निगरानी में रखा गया है। वहीं स्कूल बस का चालक गंभीर रूप से घायल है और आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी
जैसे ही हादसे की सूचना अभिभावकों को मिली, वे घबराकर अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। घायल बच्चों में शौर्य नगर, अभिषेक शुक्ला, मेघना शुक्ला, प्रज्ञा शुक्ला, जानवी शुक्ला, पीहू मित्तल और अनआयशा समेत कई बच्चे शामिल हैं।

पुलिस जांच में जुटी, ड्राइवर फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई। हादसे के बाद दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा और ड्राइवर की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।