कॉपर बोतल का पानी बन सकता है नुकसान की वजह! ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी
तांबे की बोतल का पानी सेहतमंद माना जाता है, लेकिन गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। जानिए तांबे की बोतलों से पानी पीते समय लोग कौन-कौन सी आम गलतियां करते हैं।
आजकल कॉपर यानी तांबे की बोतल में पानी पीना एक हेल्दी आदत के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। कई लोग इसे अपनी रोजमर्रा की लाइफस्टाइल का हिस्सा बना चुके हैं। कुछ लोग पूरे दिन कॉपर बोतल का पानी पीते हैं, तो कई लोग रातभर तांबे के बर्तन में पानी रखकर सुबह खाली पेट उसका सेवन करते हैं। माना जाता है कि इससे पाचन बेहतर होता है, शरीर डिटॉक्स होता है और इम्यूनिटी मजबूत बनती है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कॉपर बोतल का गलत इस्तेमाल शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है। अगर इसका सही तरीके से उपयोग न किया जाए, तो शरीर में कॉपर की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
कॉपर बोतल में एसिडिक चीजें डालना बड़ी गलती
न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के अनुसार कई लोग कॉपर बोतल के पानी में नींबू का रस या अन्य खट्टी चीजें मिलाकर पीते हैं। यह आदत नुकसानदायक हो सकती है। दरअसल, नींबू में मौजूद एसिड तांबे के साथ रिएक्ट करता है। इससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और इसे पीने से उल्टी, मतली या पेट खराब जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए कॉपर बोतल में किसी भी तरह की एसिडिक चीज नहीं डालनी चाहिए।
बहुत गर्म या ठंडा पानी रखने से बचें
विशेषज्ञों के मुताबिक कॉपर बोतल में बहुत ज्यादा गर्म या बहुत ज्यादा ठंडा पानी भी नहीं रखना चाहिए। तापमान में अधिक बदलाव तांबे के गुणों को प्रभावित कर सकते हैं। इससे बोतल की गुणवत्ता और पानी दोनों पर असर पड़ सकता है। इसलिए सामान्य तापमान का पानी ही कॉपर बोतल में रखना बेहतर माना जाता है।
पूरे दिन कॉपर बोतल का पानी पीना हो सकता है नुकसानदायक
कई लोग पूरे दिन केवल कॉपर बोतल का पानी पीते रहते हैं, लेकिन विशेषज्ञ इसे सही नहीं मानते। अधिक मात्रा में कॉपर वाला पानी पीने से शरीर में तांबे की मात्रा बढ़ सकती है। इससे नॉशिया, उल्टी, पेट दर्द और इंफेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक ज्यादा कॉपर शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
कितना पानी पीना सही?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कॉपर बोतल में रातभर पानी स्टोर करके सुबह उसका सेवन करना ज्यादा सही तरीका माना जाता है। पूरे दिन में लगभग 250 से 500 मिलीलीटर कॉपर बोतल का पानी पीना शरीर के लिए पर्याप्त माना जाता है। साथ ही बोतल की नियमित सफाई भी जरूरी है, ताकि बैक्टीरिया और गंदगी जमा न हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
