फ्रिज में रखा आटा खाना कितना सुरक्षित? एक्सपर्ट ने बताया कब बन सकता है सेहत के लिए खतरा
विशेषज्ञों ने खुलासा किया है कि गूंथे हुए आटे को फ्रिज में कितने समय तक सुरक्षित रूप से रखा जा सकता है, इसके स्वास्थ्य संबंधी जोखिम क्या हैं, और बासी आटे की रोटियां खाने से पाचन और रक्त शर्करा के स्तर पर बुरा असर क्यों पड़ सकता है।
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास खाना बनाने के लिए समय कम होता जा रहा है। यही वजह है कि कई घरों में लोग एक बार में ज्यादा आटा गूंदकर फ्रिज में रख देते हैं और बाद में उसी आटे की रोटियां बनाकर खाते हैं। कुछ लोग रात का बचा आटा इस्तेमाल करते हैं, तो कई लोग दो-दो दिन तक फ्रिज में रखा आटा खाते रहते हैं। लेकिन क्या ऐसा करना सेहत के लिए सही है? इस सवाल को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिलती है। अब एक्सपर्ट्स ने इस पर जरूरी जानकारी दी है और बताया है कि फ्रिज में रखा आटा कब तक सुरक्षित माना जाता है और ज्यादा समय तक रखने पर क्या नुकसान हो सकते हैं।
एक्सपर्ट ने क्या दी सलाह?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि आटे को लंबे समय तक फ्रिज में रखना पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता। अगर आटे को सही तरीके से स्टोर किया जाए और सीमित समय तक इस्तेमाल किया जाए, तो इसे खाना नुकसानदायक नहीं होता। लेकिन ज्यादा समय तक रखा गया आटा बैक्टीरिया और फंगस के संपर्क में आ सकता है। इससे पेट और पाचन से जुड़ी समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए आटे को कितने समय तक फ्रिज में रखा जा सकता है, यह समझना बहुत जरूरी है।
फ्रिज में रखा आटा कितनी देर तक सही रहता है?
फिटनेस कोच प्रियांक के अनुसार, फ्रिज की ठंडक आटे में होने वाली फर्मेंटेशन प्रक्रिया को पूरी तरह रोकती नहीं है, बल्कि उसकी गति धीमी कर देती है। आटे में मौजूद यीस्ट और बैक्टीरिया धीरे-धीरे काम करते रहते हैं। इसके कारण आटे के अंदर गैस बनने लगती है और 24 घंटे बाद उसका स्वाद, गंध और टेक्सचर बदलने लगता है। कई बार आटा खट्टा, चिपचिपा और ढीला महसूस होने लगता है। ऐसे आटे की रोटी खाना शरीर के लिए अच्छा नहीं माना जाता।
रखे हुए आटे की रोटी खाने से क्या हो सकते हैं नुकसान?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 24 घंटे से ज्यादा समय तक फ्रिज में रखा आटा खाने से गैस, ब्लोटिंग और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे आटे की रोटियां अक्सर सख्त बनती हैं और इन्हें पचाने में शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके अलावा लंबे समय तक रखे आटे में पोषक तत्व भी कम होने लगते हैं। यही नहीं, ऐसे आटे में स्टार्च का स्तर बदलने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को फ्रिज में रखा पुराना आटा खाने से बचने की सलाह दी जाती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ताजा आटा इस्तेमाल करना हमेशा ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद रहता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
