968 दिन बाद बुमराह का वनडे कमबैक, रोहित-विराट की वापसी से इंग्लैंड के खिलाफ मिशन 2027 का आगाज, एजबेस्टन में भारत का पहला इम्तिहान
जसप्रीत बुमराह 968 दिन बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले जाने वाले पहले वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी मैदान पर उतरेंगे। 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
टीम इंडिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज सिर्फ तीन मुकाबलों की चुनौती नहीं है, बल्कि यह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का पहला बड़ा पड़ाव भी है। लंबे समय बाद भारतीय टीम की वनडे तस्वीर में कई बड़े चेहरे वापस लौट रहे हैं। सबसे बड़ा नाम है जसप्रीत बुमराह का, जो करीब 968 दिन बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। इस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी वनडे टीम में वापसी करेंगे, जिसके बाद भारतीय फैंस की नजरें एक बार फिर इन दोनों दिग्गजों पर होंगी।
बुमराह की वापसी से मजबूत होगी भारतीय गेंदबाजी
जसप्रीत बुमराह ने आखिरी बार 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में वनडे मुकाबला खेला था। इसके बाद चोट और वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते वह वनडे क्रिकेट से दूर रहे। अब इंग्लैंड के खिलाफ वापसी करते हुए बुमराह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे। मोहम्मद सिराज टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में ऑलराउंडर की जगह के लिए शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। वहीं चोटिल हर्षित राणा की जगह प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार को मौका मिल सकता है।
रोहित-विराट पर होगी सबसे ज्यादा नजर
इंग्लैंड दौरे की यह वनडे सीरीज रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए भी काफी अहम मानी जा रही है। दोनों खिलाड़ी लंबे समय बाद वनडे फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने साफ किया है कि विराट कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा हैं। गिल ने कहा कि टीम ने विराट के साथ भविष्य की रणनीति और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर चर्चा की है। उन्होंने यह भी माना कि रोहित और विराट का अनुभव भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। रोहित शर्मा का इंग्लैंड में रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां वनडे क्रिकेट में 7 शतक लगाए हैं और उनका औसत 64.9 का है। वहीं एजबेस्टन में उनका औसत 89.4 रहा है। विराट कोहली भी हाल के वनडे मुकाबलों में अच्छी लय में नजर आए हैं। पिछली 7 वनडे पारियों में वह 6 बार 50 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
इंग्लैंड पर भारी रहा है भारत का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में भारत का पलड़ा इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 110 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 61 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड ने 44 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। दो मैच टाई रहे हैं और तीन मुकाबलों का नतीजा नहीं निकला। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले पांच वनडे मुकाबले लगातार जीते हैं। हालांकि हालिया टी-20 सीरीज में इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराकर अपनी ताकत जरूर दिखाई है।
टी-20 की जीत का भरोसा लेकर उतरेगा इंग्लैंड
इंग्लैंड वनडे फॉर्मेट में अपनी पिछली खराब लय को पीछे छोड़ना चाहेगा। 2024 के बाद से टीम ने सात में से पांच द्विपक्षीय वनडे सीरीज गंवाई हैं। वहीं पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी थी। लेकिन घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के पास जो रूट के रूप में बड़ा हथियार मौजूद है। 2024 के बाद से रूट ने वनडे क्रिकेट में 65.93 की औसत से 1055 रन बनाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में भी उन्होंने 247 रन बनाए थे।
एजबेस्टन में इंग्लैंड का दबदबा, भारत के लिए शुरुआती ओवर चुनौती
एजबेस्टन का मैदान इंग्लैंड के लिए मजबूत किला माना जाता है। 2015 के बाद से इंग्लैंड ने यहां लगातार सात वनडे मुकाबले जीते हैं। इस मैदान की पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद देती है। शुरुआती ओवरों में स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकती है। हालांकि जैसे-जैसे गेंद पुरानी होगी, बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो जाएगा। ऐसे में मैच के शुरुआती 10 ओवर दोनों टीमों के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं। मौसम साफ रहने का अनुमान है और बारिश की संभावना नहीं है।
संभावित प्लेइंग-11
- भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे/वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार।
- इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
