22 साल बाद लॉर्ड्स पर इतिहास बदलने उतरेगा भारत, वनडे सीरीज का आज होगा फैसला, रोहित शर्मा पर टिकी रहेगी लोगों की निगाहें
22 साल से लॉर्ड्स में वनडे जीत का इंतजार कर रही टीम इंडिया आज इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मुकाबले में उतरेगी। क्या रोहित शर्मा की वापसी और शुभमन गिल की फॉर्म भारत का सूखा खत्म करेगी, या जो रूट और जोफ्रा आर्चर फिर बनेंगे सबसे बड़ी चुनौती?
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का फैसला आज क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स पर होगा। दोनों टीमें फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं, ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ सीरीज जीतने का नहीं बल्कि एक लंबे इंतजार को खत्म करने का भी मौका लेकर आया है। टीम इंडिया पिछले 22 वर्षों से लॉर्ड्स में वनडे मैच नहीं जीत सकी है। भारत ने इस मैदान पर आखिरी जीत साल 2004 में दर्ज की थी। इसके बाद खेले गए चार वनडे मुकाबलों में उसे तीन बार हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच टाई रहा। ऐसे में आज का मुकाबला भारतीय टीम के लिए इतिहास बदलने का मौका माना जा रहा है। हालांकि, लॉर्ड्स में भारत का कुल रिकॉर्ड पूरी तरह निराशाजनक नहीं है। यहां खेले गए 9 वनडे मुकाबलों में भारत ने 4 जीते हैं, 4 हारे हैं और एक मुकाबला टाई रहा है। लेकिन पिछले दो दशक से जीत का इंतजार इस मैच को और भी खास बना देता है।
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी
वनडे क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 112 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें भारत ने 62 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि इंग्लैंड को 45 मुकाबलों में जीत मिली है। दो मैच टाई रहे और तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि इंग्लैंड की धरती पर तस्वीर थोड़ी अलग दिखाई देती है। यहां दोनों देशों के बीच खेले गए 46 वनडे में इंग्लैंड ने 24 और भारत ने 19 मैच जीते हैं। एक मुकाबला टाई रहा, जबकि तीन मैच बेनतीजा रहे।
कप्तान शुभमन गिल पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी
सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल अब तक सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने दो मैचों में 111 रन बनाए हैं और उनका औसत 111.00 का रहा है। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 80 रन है। निर्णायक मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी उम्मीद एक बार फिर गिल से होगी। अगर वे शुरुआती ओवरों में टिक गए तो भारत बड़े स्कोर की ओर बढ़ सकता है। गेंदबाजी में ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने दो मैचों में 5 विकेट हासिल किए हैं और उनकी इकोनॉमी 5.15 रही है। बीच के ओवरों में विकेट निकालने की जिम्मेदारी एक बार फिर उन्हीं पर होगी।
जो रूट इंग्लैंड की सबसे बड़ी ताकत
इंग्लैंड की बल्लेबाजी में सबसे बड़ा खतरा अनुभवी बल्लेबाज जो रूट हैं। उन्होंने दो मैचों में 175 रन बनाए हैं और सीरीज के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पिछले मुकाबले में उन्होंने नाबाद 99 रन की पारी खेलकर भारत की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। उन्होंने अब तक दो मैचों में चार विकेट लिए हैं। लॉर्ड्स की पिच पर नई गेंद से मिलने वाली अतिरिक्त मदद उन्हें और भी खतरनाक बना सकती है।
टीम इंडिया में हो सकती है बदलाव
भारतीय टीम को इस मुकाबले से पहले एक बड़ा झटका भी लगा है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। वहीं बीमारी से उबरने के बाद केएल राहुल की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। ऐसे में ईशान किशन को बाहर बैठना पड़ सकता है।
लॉर्ड्स की पिच क्या कहती है?
लॉर्ड्स की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद स्विंग करती है, जिससे बल्लेबाजों की परीक्षा होती है। लेकिन यदि शुरुआती चुनौती पार कर ली जाए तो बाद में बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान हो जाती है। यही वजह है कि इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। अब तक लॉर्ड्स में 71 वनडे खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 35 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 33 मुकाबले जीते हैं। दो मैच टाई रहे हैं, जबकि एक मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकला।
मौसम देगा पूरा साथ
लंदन में मैच के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए पूरे 50-50 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
दोनों टीमों की क्या हो सकती है प्लेइंग 11 ?
- भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, केएल राहुल/ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा।
- इंग्लैंड: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, आदिल राशिद।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
