राजा रघुवंशी केस पढ़ रची केतन की हत्या की साजिश, सिया की मोबाइल हिस्ट्री ने खोले कई राज, कस्टडी में महिलाओं से मारपीट तक किया था सर्च
राजा रघुवंशी मर्डर केस पढ़कर सिया ने रची थी केतन की हत्या की साजिश? पुलिस जांच में सामने आई सिया गोयल की मोबाइल हिस्ट्री ने कई चौंकाने वाले राज खोले हैं। दावा है कि वारदात से पहले उसने राजा रघुवंशी केस पढ़ा, पुलिस कस्टडी में महिलाओं से मारपीट होती है या नहीं, यह तक सर्च किया। इतना ही नहीं, हत्या के अगले दिन केतन के परिवार के सामने उसका व्यवहार भी जांच एजेंसियों को हैरान कर रहा है। आखिर मोबाइल से क्या-क्या मिला और 19 दिन में कैसे तैयार हुई कथित प्लानिंग?
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच अब सिर्फ एक हत्या की गुत्थी नहीं रही, बल्कि डिजिटल सबूतों के जरिए सामने आ रही कथित प्लानिंग की कहानी बन गई है। पुलिस जांच में दावा किया गया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल ने वारदात से पहले इंटरनेट पर इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जानकारी जुटाई थी। इतना ही नहीं, उसने यह भी सर्च किया था कि क्या पुलिस कस्टडी में महिलाओं के साथ मारपीट होती है। पुलिस के अनुसार, सिया के दोनों मोबाइल फोन की सर्च हिस्ट्री से यह जानकारी मिली है। हाल ही में जांच टीम सिया को उसके घर लेकर पहुंची, जहां उसके बेडरूम से दूसरा मोबाइल भी बरामद किया गया। इसी मोबाइल से कई अहम डिजिटल सुराग मिले हैं, जो अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं।
डिजिटल सबूतों ने बदली जांच की दिशा
जांच अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल से मिली सर्च हिस्ट्री इस बात की ओर इशारा करती है कि आरोपी घटना से पहले कई पहलुओं की जानकारी जुटा रही थी। पुलिस को घटना वाले दिन के कुछ नए प्रत्यक्षदर्शी भी मिले हैं, जिनके बयान जांच को और मजबूत करने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने पुणे के लोहगढ़ किले पर केतन अग्रवाल को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया था। दोनों आरोपी फिलहाल 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में येरवडा जेल में बंद हैं।
वायरल वीडियो पर नया विवाद, पिता ने दी सफाई
इस बीच सिया का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें पुलिस हिरासत के दौरान वह मीडिया की ओर हाथ का इशारा करती दिखाई दी। कई लोगों ने इसे अश्लील इशारा बताया। हालांकि सिया के पिता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि पुलिस जब सिया को कानूनी कार्रवाई के लिए घर लेकर आई थी, तब कार का दरवाजा बंद होने से उसकी दो उंगलियों में चोट लग गई थी। वायरल वीडियो में वह वही चोट दिखा रही थी, न कि कोई आपत्तिजनक इशारा कर रही थी। उन्होंने कहा कि उस समय मौजूद पुलिसकर्मी भी इस बात की पुष्टि कर सकते हैं।
हत्या के अगले दिन पहुंची घर, बोली- 'केतन हमें ऊपर से देख रहा है'
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के अगले ही दिन 19 जून को सिया, केतन के घर पहुंची थी। उसने केतन के पिता को सांत्वना देते हुए कहा था, "हिम्मत रखिए, केतन हमें ऊपर से देख रहा है।" जांच एजेंसियों का दावा है कि 18 जून से 23 जून तक दोनों आरोपी सामान्य जीवन जीते रहे और उनके व्यवहार में किसी तरह का पछतावा दिखाई नहीं दिया। पुलिस के मुताबिक, सह-आरोपी चेतन चौधरी एक ही मोबाइल में दो अलग-अलग नंबर इस्तेमाल करता था और सिया से कथित तौर पर कोड वर्ड में बातचीत करता था, ताकि किसी को शक न हो।
19 दिन में ऐसे तैयार हुई कथित साजिश
- 31 मई: यहीं से शुरू हुई प्लानिंग
पुलिस के अनुसार, सगाई के बाद केतन अक्सर सिया को ट्रैकिंग पर लेकर जाता था। इसी दौरान लोहगढ़ किले पर जाने के बाद सिया के मन में हत्या की योजना बनी। - 5 जून: दोबारा किले पर जाने का दबाव
सिया ने फिर से लोहगढ़ जाने की जिद की, लेकिन केतन तैयार नहीं हुआ। इसी बीच दोनों का 6 जून को इंडोनेशिया के बाली जाने का कार्यक्रम था। जांच में दावा किया गया कि यात्रा रुकवाने के लिए सिया ने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट छिपा दिया। - 14 जून: पहली कोशिश नाकाम
पुलिस के मुताबिक, इस दिन दोनों फिर लोहगढ़ पहुंचे। आरोप है कि सिया ने केतन को खाई की ओर धक्का दिया, लेकिन वह पेड़ का सहारा मिलने से बच गया। जब केतन ने वजह पूछी तो सिया ने कहा कि सामने सांप था और उसे बचाने के लिए धक्का दिया गया। घर लौटकर केतन ने परिवार को बताया था कि सिया ने उसकी जान बचाई है। - 18 जून: दूसरी कोशिश में हुई मौत
पुलिस का दावा है कि 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए केतन ने महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट की बुकिंग कर रखी थी। उससे पहले सिया ने प्री-वेडिंग फोटोशूट का बहाना बनाकर उसे फिर लोहगढ़ बुलाया। इस बार चेतन चौधरी भी पीछे-पीछे पहुंचा। आरोप है कि जैसे ही केतन पहाड़ियों की ओर देख रहा था, दोनों ने पीछे से धक्का देकर उसे गहरी खाई में गिरा दिया।
राजा रघुवंशी केस के बारे में जानिए...
जांच में सामने आई मोबाइल हिस्ट्री के कारण अब इस केस की तुलना इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से भी की जा रही है। राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद वह पत्नी सोनम के साथ मेघालय हनीमून पर गए थे। 23 मई को दोनों लापता हो गए और 2 जून को सोहरा स्थित वेई सावडोंग फॉल्स के पास गहरी खाई से राजा का शव बरामद हुआ। उस मामले में पुलिस ने आरोप लगाया था कि पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। फिलहाल सोनम को जमानत मिल चुकी है, जबकि राजा रघुवंशी का परिवार इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
