'भारत मेरी मां तो पाकिस्तान है मौसी' फिल्म के प्रमोशन के दौरान सनी देओल के बयान से छिड़ी बहस, सोशल मीडिया पर शुरू हुई ट्रोलिंग
'भारत मेरी मां, पाकिस्तान मौसी है...' सनी देओल का एक बयान सोशल मीडिया पर बहस की वजह बन गया। आखिर किस सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही, उनके बयान पर लोगों की क्या प्रतिक्रियाएं आईं और बंटवारा 1947 से इसका क्या कनेक्शन है?
अपनी आगामी फिल्म बंटवारा 1947 के प्रमोशन के दौरान अभिनेता सनी देओल का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि मेरी मां भारत है तो पाकिस्तान मेरी मौसी है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
पाकिस्तान में शूटिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर दिया जवाब
पटना में फिल्म प्रमोशन के दौरान सनी देओल से पूछा गया कि उनकी नई फिल्म 'बंटवारा 1947' पाकिस्तान की पृष्ठभूमि से जुड़ी है और क्या इसकी शूटिंग भी पाकिस्तान में हुई है? साथ ही उनसे पाकिस्तान को लेकर उनकी सोच जाननी चाही गई। इस पर सनी देओल ने सबसे पहले यह स्पष्ट किया कि फिल्म की शूटिंग पाकिस्तान में नहीं हुई है, बल्कि पूरी फिल्म भारत में ही शूट की गई है। इसके बाद उन्होंने कहा कि हम कोई ऐसी बातें नहीं करते, क्योंकि पूरा देश एक ही था। जैसे पापा ने कहा था कि मेरी मां (भारत) तो वो मेरी मौसी (पाकिस्तान) है, जो आप लोग अच्छी तरह से समझते हैं। हम सब एक तरह से हैं, तो कहीं न कहीं से जुड़े हुए हैं। सनी देओल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।
सोशल मीडिया पर आई मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
सनी देओल के बयान के वायरल होते ही कई यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि सनी देओल हर नए वीडियो से अपनी छवि को और नुकसान पहुंचा रहे हैं। दूसरे यूजर ने कहा कि मुझे यह व्यक्ति बिल्कुल पसंद नहीं है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि पूरे परिवार को बर्बाद करने वाली मौसी वाली बात सही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई ऐसे यूजर्स भी नजर आए जिन्होंने कहा कि अभिनेता ने यह बात विभाजन से पहले दोनों देशों के साझा इतिहास के संदर्भ में कही थी।
विभाजन की कहानी पर आधारित है बंटवारा 1947
सनी देओल की आगामी फिल्म बंटवारा 1947 भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी उस दौर की हिंसा, विस्थापन और बिछड़ते परिवारों की भावनात्मक यात्रा को दिखाती है। फिल्म में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
प्रमोशन से पहले पटना साहिब में टेका मत्था
फिल्म के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे सनी देओल ने सबसे पहले तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेककर गुरु गोबिंद सिंह जी का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने गुरु घर की परंपराओं की जानकारी भी ली। सनी देओल लगभग 20 मिनट तक गुरुद्वारा परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने तख्त श्री हरिमंदिर साहिब के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया, गुरु इतिहास के बारे में जानकारी ली और श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की। उन्होंने गुरु का पावन प्रसाद ग्रहण किया। दर्शन के बाद सनी देओल ने कहा कि मेरा हमेशा से मन था कि जब भी बिहार आऊं, सबसे पहले तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद जरूर लूं। आज मेरा यह सपना पूरा हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
