इंडियन क्रिकेट टीम के बाद अब भगवा जर्सी में उतरेगी हॉकी टीम, तब रोहित शर्मा ने रिकॉर्ड 5 शतक, अब क्या बदलेगी हॉकी टीम की तकदीर ?
भारतीय हॉकी टीम की भगवा जर्सी पर सियासी बहस तेज है, लेकिन क्या आपको याद है कि 2019 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम भी भगवा जर्सी पहन चुकी है? तब रोहित शर्मा ने रिकॉर्ड 5 शतक लगाए थे। अब सवाल यह है कि क्या हॉकी टीम के लिए भी यह जर्सी नई कहानी लिखेगी या विवाद ही सबसे बड़ी चर्चा बना रहेगा...
भारतीय हॉकी टीम की नई भगवा जर्सी इस समय खेल से ज्यादा चर्चा का विषय बनी हुई है। हॉकी इंडिया ने 2026 हॉकी विश्व कप के लिए टीम की नई जर्सी लॉन्च की है। इसके बाद सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक बहस छिड़ गई है। कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने इसे भारतीय हॉकी की पारंपरिक पहचान से अलग कदम बताया है, तो कई लोग इसे राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं। दरअसल, भारतीय हॉकी टीम लंबे समय से नीले रंग की जर्सी में खेलती आई है। ऐसे में विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले जर्सी का रंग बदलना चर्चा का कारण बन गया है। भगवा रंग भारतीय जनता पार्टी के झंडे और चुनाव चिह्न का भी हिस्सा है, इसलिए इस बदलाव को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब भारतीय टीम की भगवा जर्सी चर्चा में आई हो। इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम भी विश्व कप में भगवा रंग की जर्सी पहन चुकी है।
जब भगवा जर्सी में उतरी थी क्रिकेट टीम
साल 2019 के वनडे विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम ने पहली बार भगवा रंग की अवे जर्सी पहनी थी। जर्सी के सामने का हिस्सा गहरे नीले रंग का था, जबकि पीठ और बाजुओं पर भगवा रंग प्रमुख था। उस मुकाबले में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 31 रन से हार मिली थी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में 306 रन ही बना सकी। उस समय भी जर्सी के रंग को लेकर काफी विवाद हुआ था और खेल से ज्यादा चर्चा उसके रंग की हुई थी।
विवाद के बीच रोहित शर्मा ने बनाया था रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ उसी मुकाबले में तत्कालीन उपकप्तान रोहित शर्मा ने शानदार 102 रन की शतकीय पारी खेली थी। इतना ही नहीं, पूरे विश्व कप में उनका बल्ला जमकर बोला। रोहित शर्मा ने 9 मैचों में 648 रन बनाए और 81 की औसत से टूर्नामेंट खत्म किया। सबसे बड़ी बात यह रही कि उन्होंने एक ही विश्व कप में रिकॉर्ड पांच शतक जड़े, जो आज भी वनडे विश्व कप के इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड माना जाता है।
शानदार सफर, लेकिन अधूरा सपना
लीग चरण में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। भारत ने 9 मैचों में 15 अंक हासिल किए और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहा। लेकिन सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को 18 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। 240 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। यह हार आज भी भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए विश्व कप के सबसे दर्दनाक पलों में गिनी जाती है।
अब हॉकी टीम के सामने नई चुनौती
अब 2026 हॉकी विश्व कप में भारतीय हॉकी टीम पूरे टूर्नामेंट के दौरान भगवा जर्सी में मैदान पर उतरेगी। ऐसे में खेल प्रेमियों के बीच चर्चा सिर्फ जर्सी के रंग की नहीं, बल्कि टीम के प्रदर्शन की भी है। हॉकी विश्व कप की शुरुआत 1971 में हुई थी और भारत ने 1975 में अपना एकमात्र विश्व कप खिताब जीता था। इसके बाद से भारतीय टीम दोबारा विश्व कप जीतने में सफल नहीं हो सकी। इतना ही नहीं, 1975 के बाद टीम विश्व कप के सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई है। 2023 में भारत की मेजबानी में खेले गए हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम नौवें स्थान पर रही थी, जिससे प्रशंसकों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा था।
पूल में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स
2026 हॉकी विश्व कप में भारत को पूल-डी में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के साथ इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स शामिल हैं। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार-चार टीमों के चार पूल में बांटा गया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। इस बार हॉकी विश्व कप की मेजबानी बेल्जियम और नीदरलैंड्स संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
