कटरीना कैफ को ट्रोल करने पर भड़के सलमान, बिग बॉस के मंच पर उतारी टी शर्ट, बोले- मुझे भी बूढ़ा कहकर किया गया ट्रोल
बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में सलमान खान ने बॉडी शेमिंग और एज शेमिंग को लेकर ट्रोलर्स को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी बूढ़ा हो गया कहकर ट्रोल किया जाता है और फिर मंच पर टी-शर्ट उतारकर एब्स दिखाए। सलमान ने महिलाओं की बॉडी, कटरीना कैफ की ट्रोलिंग, पुराने ट्रोलर के किस्से और अपनी तबीयत वाले वायरल प्रोमो पर भी बात की।
बिग बॉस 20 के दूसरे वीकेंड का वार में सलमान खान ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। हाल ही में कटरीना कैफ की बॉडी और लुक्स को लेकर हुई ऑनलाइन ट्रोलिंग के बीच सलमान ने शो में उम्र, वजन, शरीर और लुक्स पर कमेंट करने वालों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें भी सोशल मीडिया पर बूढ़ा हो गया कहकर ट्रोल किया जाता है। इसके बाद सलमान ने मंच पर अपनी टोपी, जैकेट और टी-शर्ट उतार दी और अपने एब्स दिखाए। सलमान ने कहा कि उम्र बढ़ना स्वाभाविक है और अगर लोग उन्हें बूढ़ा कहते हैं तो हां, वह 60 साल के हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के उस दौर पर सवाल उठाया, जहां किसी के काम की आलोचना करने के बजाय उसके शरीर, वजन, चेहरे, परिवार और निजी जिंदगी को निशाना बनाया जाता है।
सोशल मीडिया सिर्फ ट्रोलिंग नहीं, बड़ा रोजगार का जरिया भी
सलमान ने शो में कंटेस्टेंट स्काउटओपी के सोशल मीडिया और गेमिंग कम्युनिटी से जुड़े बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सोशल मीडिया आज सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है। गेमिंग, कंटेंट क्रिएशन, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया से जुड़े कई काम लोगों के लिए रोजगार और पहचान का जरिया बन चुके हैं। हालांकि, उन्होंने इसके दूसरे पहलू की ओर भी ध्यान दिलाया। सलमान ने कहा कि जब कोई व्यक्ति आगे बढ़ता है तो कई बार उसे नीचे खींचने की कोशिश की जाती है। इसी सिलसिले में उन्होंने ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के शरीर, वजन या लुक्स पर लोग टिप्पणी करते हैं, वही व्यक्ति कहीं न कहीं उनके कंटेंट और कमाई का हिस्सा भी बन जाता है।
किसी के शरीर से लेकर परिवार तक पर कमेंट करने वालों को जवाब
सलमान ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोगों के शरीर, वजन, लुक्स, खानदान और मुस्कान तक को लेकर टिप्पणी की जाती है। किसी के फ्लॉप होने पर मजाक उड़ाया जाता है और किसी महिला के मां बनने के बाद उसके शरीर में आए बदलावों को भी ट्रोलिंग का विषय बना दिया जाता है। उन्होंने ऐसे कमेंट्स का जिक्र करते हुए कहा कि किसी को मोटी हो गई, भद्दी लग रही है या बूढ़ा हो गया जैसी बातें लिखना सिर्फ एक कमेंट नहीं है। इसके पीछे एक वास्तविक इंसान होता है, जिसकी भावनाएं भी होती हैं। सलमान ने ट्रोलर्स से यह भी सवाल किया कि उनके अपने परिवार में मां, पिता, बहन, पत्नी, गर्लफ्रेंड, बेटी या भाई हो सकते हैं। अगर इसी तरह की टिप्पणी उनके परिवार के किसी सदस्य के बारे में की जाए तो उन्हें कैसा लगेगा।
सलमान बोले- मुझे भी कहा जाता है बूढ़ा हो गया
ट्रोलिंग की बात करते हुए सलमान ने अपना उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बारे में भी लगातार लिखा जाता है कि वह बूढ़े हो गए हैं। सलमान ने इस पर कहा कि बूढ़ा हो गया, ऑफकोर्स 60 साल का हो गया हूं। उन्होंने उम्र को लेकर होने वाली ट्रोलिंग को स्वीकार करने के बाद मंच पर अपनी टोपी, जैकेट और टी-शर्ट उतार दी और अपने एब्स दिखाए। यह पूरा अंदाज सलमान के उस जवाब का हिस्सा था, जिसमें वह उम्र और फिटनेस को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे।
महिलाओं की बॉडी को लेकर ट्रोलिंग पर भी बोले
सलमान ने महिलाओं के शरीर को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि किसी महिला के मां बनने के बाद प्रेग्नेंसी के दौरान वजन बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में उसके शरीर में आए बदलावों को लेकर टिप्पणी करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला जब दोबारा काम पर लौटेगी तो अपनी फिटनेस पर ध्यान दे सकती है, लेकिन यह उसका निजी फैसला है कि वह अपने परिवार को कितना समय देना चाहती है और अपने शरीर के साथ क्या करना चाहती है।
ट्रोलर के घर तक पहुंचने का पुराना किस्सा भी सुनाया
सलमान ने ट्रोलिंग के एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए बताया कि करीब 8 से 10 साल पहले एक व्यक्ति उनके बारे में बेहद आपत्तिजनक बातें लिखता था। सलमान के मुताबिक, उन्होंने साइबर सेल की मदद से उस व्यक्ति की पहचान और पता निकलवाया और उसके घर तक पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति के माता-पिता पढ़े-लिखे थे और परिवार के दूसरे सदस्य भी वहां मौजूद थे। सलमान ने उस व्यक्ति से कहा कि अगर वह चाहें तो उसकी पहचान और परिवार से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है। सलमान के मुताबिक, इसके बाद उस व्यक्ति ने उनसे माफी मांगी और मामला वहीं खत्म हो गया।
सलमान ने सोहेल और वरुण की ट्रोलिंग का भी जिक्र किया
सलमान ने कहा कि सोशल मीडिया पर सिर्फ एक्टर्स ही नहीं, बल्कि इंफ्लुएंसर्स और राजनेताओं को भी निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी का काम पसंद नहीं है तो यह कहना बिल्कुल अलग बात है कि काम अच्छा नहीं लगा या फिल्म पसंद नहीं आई। सलमान ने अपने भाई सोहेल खान और अभिनेता वरुण धवन की ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी के काम की आलोचना की जा सकती है, किसी मंत्री के काम पर सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए गाली देने या निजी जिंदगी पर हमला करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि कभी उनके बालों और लुक्स को लेकर भी कमेंट किए जाते हैं। कई बार फिल्म के किरदार के लिए बदले गए लुक को भी लोग वास्तविक समझकर ट्रोल करने लगते हैं। सलमान ने कहा कि वह आलोचना को अपने फायदे में बदलने की कोशिश करते हैं। अगर कोई उनकी तारीफ करता है तो वह और बेहतर करने की कोशिश करते हैं और अगर कोई बुराई करता है तो वह खुद को गलत साबित करने की कोशिश करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति उनकी तरह नहीं होता। लगातार झूठी और अपमानजनक टिप्पणियों का असर कुछ लोगों पर गंभीर हो सकता है और कई लोग इससे डिप्रेशन तक में जा सकते हैं।
राजनीतिक मुद्दों पर राय देने से भी सलमान ने किया इनकार
शो के दौरान सलमान ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के राजनीतिक मुद्दों पर राय देने को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के कई लोग देश में चल रहे राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते और यह उनका निजी फैसला है। सलमान ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी राजनीतिक मुद्दे पर बोलना नहीं चाहता तो यह उसकी मर्जी है। उन्होंने मीडिया से जुड़े सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि वह किसी राजनीतिक बहस का हिस्सा नहीं बनना चाहते, क्योंकि कई बार किसी सेलिब्रिटी की टिप्पणी को सोशल मीडिया या टीवी पर अलग तरीके से पेश किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का काम है सच्चाई पता करना और लोगों तक जानकारी पहुंचाना, जबकि हर सेलिब्रिटी से राय लेना जरूरी नहीं है।
सलमान बोले- फिल्म पसंद नहीं तो मत देखिए
फिल्मों को लेकर दर्शकों की नाराजगी पर भी सलमान ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर किसी को फिल्म पसंद नहीं आती है तो वह फिल्म न देखे। सलमान ने कहा कि दर्शक फिल्म देखने के लिए टिकट खरीदते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी कलाकार के साथ निजी तौर पर बदसलूकी की जाए। उन्होंने कहा कि कलाकार अपनी तरफ से कोशिश करते हैं कि दर्शकों को फिल्म पसंद आए और उन्हें मनोरंजन मिले।
सीने में दर्द वाले प्रोमो से बढ़ी थी फैंस की चिंता
इसी बीच बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार के एक प्रोमो ने सलमान खान के फैंस की चिंता बढ़ा दी थी। प्रोमो में सलमान सीने को पकड़कर दर्द में नजर आए थे। इसे देखने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी तबीयत को लेकर सवाल उठने लगे। बाद में सलमान ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया कि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। उन्होंने बताया कि प्रोमो को जिस तरह एडिट किया गया, उससे पूरा संदर्भ बदल गया और ऐसा लगने लगा कि वह खुद किसी स्वास्थ्य समस्या से गुजर रहे हैं। दरअसल, शो में काजी तौकीर ने एक टास्क के दौरान तबीयत खराब होने का नाटक किया था। उन्होंने दवाइयों के लिए जोर-जोर से कहा, जिससे घर के बाकी कंटेस्टेंट परेशान हो गए थे। बाद में मेडिकल रूम में उन्होंने डॉक्टर को बताया कि उन्हें वास्तव में कुछ नहीं हुआ था और वह गेम के तहत ऐसा कर रहे थे। सलमान ने बताया कि उनका सीने में दर्द दिखाने वाला एक्ट काजी को यह समझाने के लिए था कि बीमारी का नाटक करना गलत है। घर के 15 कंटेस्टेंट काजी की एक्टिंग से अनजान थे और उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए थे। सलमान ने प्रोमो की एडिटिंग के लिए माफी मांगते हुए साफ किया कि उनकी तबीयत ठीक है। यानी वीकेंड का वार में जहां सलमान ने ट्रोलिंग करने वालों को उम्र और शरीर को लेकर जवाब दिया, वहीं शो के प्रोमो को लेकर पैदा हुई गलतफहमी पर भी उन्होंने खुद सामने आकर सफाई दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
