वंदे मातरम से शुरू हुआ भारत-अफगानिस्तान टी-20, मैच में अभिषेक शर्मा मचाई तबाही, बुमराह ने रचा इतिहास, 38 गेंद पहले जीता भारत

भारत ने अफगानिस्तान को पहले टी-20 में 7 विकेट से हराया। अरुण जेटली स्टेडियम में पहली बार वंदे मातरम के बाद राष्ट्रगान हुआ। अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में फिफ्टी और 32 गेंदों में 82 रन बनाए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने टी-20 में 350 विकेट पूरे किए।

Sep 14, 2026 - 12:42
 0
वंदे मातरम से शुरू हुआ भारत-अफगानिस्तान टी-20, मैच में अभिषेक शर्मा मचाई तबाही, बुमराह ने रचा इतिहास, 38 गेंद पहले जीता भारत

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार का भारत-अफगानिस्तान टी-20 मुकाबला सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं रहा। मैच शुरू होने से पहले ही ऐसा पल देखने को मिला, जो भारतीय क्रिकेट में पहली बार हुआ। मैदान पर पहले वंदे मातरम गूंजा और उसके बाद राष्ट्रगान जन गण मन हुआ। इसके बाद जैसे ही मुकाबला शुरू हुआ, गेंद से जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रचा और बल्ले से अभिषेक शर्मा ने ऐसा तूफान मचाया कि अफगानिस्तान की पूरी टीम दबाव में आ गई। भारत ने यह मुकाबला 38 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीत लिया। भारत की इस जीत में कई कहानियां एक साथ जुड़ी रहीं। किसी के लिए यह बुमराह के 350 टी-20 विकेट का मैच था, तो किसी के लिए अभिषेक शर्मा की 22 गेंदों में फिफ्टी का। वहीं अफगानिस्तान की तरफ से अजमतुल्लाह उमरजई ने 64 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत के खिलाफ अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया। मैच के दौरान कुछ ऐसे पल भी आए, जिन्होंने मुकाबले को और खास बना दिया।

मैच शुरू होने से पहले ही बना इतिहास
रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट में पहली बार ‘वंदे मातरम’ का गायन हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ प्रस्तुत किया गया। यानी मुकाबले की शुरुआत ही एक अलग माहौल के साथ हुई। 28 जनवरी को गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशानिर्देशों में कहा गया था कि अगर किसी कार्यक्रम में वंदे मातरम और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाते हैं, तो पहले वंदे मातरम और उसके बाद जन गण मन होना चाहिए। भारत-अफगानिस्तान मुकाबले में इसी क्रम का पालन किया गया।

टॉस में भी दिखी दोनों टीमों के बीच खास मेजबानी
मैच का टॉस भी सामान्य मुकाबलों से थोड़ा अलग रहा। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान को टीम इंडिया के खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली जर्सी भेंट की। इस सीरीज की एक खास बात यह भी है कि मुकाबले भारत में खेले जा रहे हैं, लेकिन सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा है। टॉस के दौरान सीरीज की ट्रॉफी और सिक्का भी कैमरे पर दिखाई दिया।

पहले ही ओवर में बुमराह ने बना दिया रिकॉर्ड
भारत की जीत की नींव गेंदबाजी से रखी गई और इसकी शुरुआत जसप्रीत बुमराह ने की। बुमराह ने पारी के पहले ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट किया और इसी के साथ टी-20 क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए। बुमराह अब टी-20 क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। 

उमरजई ने संभाली अफगानिस्तान की पारी
भारत के गेंदबाजों के दबाव के बीच अजमतुल्लाह उमरजई अफगानिस्तान के लिए सबसे बड़ी उम्मीद बनकर सामने आए। उन्होंने नाबाद 64 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। यह भारत के खिलाफ किसी अफगान बल्लेबाज का टी-20 इंटरनेशनल में संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले इब्राहिम जादरान ने 2022 में भारत के खिलाफ 64 रन बनाए थे। उमरजई का एक और रिकॉर्ड भी खास रहा। भारत के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए उनका 64 रन का स्कोर दूसरा सबसे बड़ा है। इस मामले में श्रीलंका के दसुन शनाका 74* रन के साथ उनसे आगे हैं।

फिर आया अभिषेक शर्मा का तूफान
अफगानिस्तान की पारी खत्म होने के बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा ने ऐसी शुरुआत दी कि मैच का रुख शुरुआती ओवरों में ही साफ होने लगा। अभिषेक ने महज 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने 32 गेंदों पर 82 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। लेकिन अभिषेक की इस पारी की सबसे बड़ी खासियत सिर्फ 82 रन नहीं थी। 22 गेंदों में फिफ्टी के साथ उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में 12वीं बार 25 या उससे कम गेंदों में 50+ स्कोर बनाया। इस मामले में अभिषेक शर्मा सबसे आगे हैं। उनके बाद सूर्यकुमार यादव 9 बार के साथ आते हैं। यानी तेज अर्धशतक लगाने के मामले में अभिषेक ने एक बार फिर अपनी अलग पहचान मजबूत कर दी। अभिषेक के इस अर्धशतक के बाद टी-20 इंटरनेशनल में उनके 50+ स्कोर की संख्या 14 हो गई है। इनमें 12 पारियां ऐसी हैं, जिनमें उन्होंने 25 या उससे कम गेंदों में 50+ रन बनाए हैं।

82 पर खत्म हुई पारी, लेकिन कैच ने भी खींचा ध्यान
अभिषेक जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लग रहा था कि वह स्कोर को और आगे ले जाएंगे। लेकिन 10.6 ओवर में मोहम्मद नबी की गेंद पर उनकी पारी खत्म हो गई। लॉन्ग ऑन पर राशिद खान ने दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ा। बाउंड्री के करीब लिया गया यह कैच जितना मुश्किल था, उतना ही अहम भी। राशिद ने अभिषेक की 82 रन की तूफानी पारी को यहीं रोक दिया।

भारत ने 38 गेंद पहले खत्म कर दिया मैच
अभिषेक के आउट होने के बावजूद भारत की जीत पर कोई खास असर नहीं पड़ा। भारतीय टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया और 38 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। 2017 में अफगानिस्तान के टेस्ट खेलने वाले पूर्ण सदस्य बनने के बाद यह भारत की उसके खिलाफ गेंदें बाकी रहने के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत ने 2024 में इंदौर में अफगानिस्तान को 26 गेंद बाकी रहते हराया था। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका सबसे आगे है। उसने 2024 में तारौबा में अफगानिस्तान को 67 गेंद बाकी रहते हराया था।

अफगानिस्तान की हार का सिलसिला नहीं टूटा
इस मुकाबले के साथ भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की टी-20 हार का सिलसिला भी लगातार 9 मैच तक पहुंच गया। अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ लगातार 9 टी-20 मैच गंवाकर बांग्लादेश की बराबरी कर ली है। बांग्लादेश भी 2019 से 2025 के बीच भारत के खिलाफ लगातार 9 मैच हार चुका है। इस सूची में जिम्बाब्वे और आयरलैंड 8-8 लगातार हार के साथ अगले नंबर पर हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content