लड़कों से नहीं, आपस में करेंगे शादी… 2 लड़कियों की जिद से थाने में मचा हड़कंप, 2 दिन चला ड्रामा
Uttar Pradesh News: मुजफ्फरनगर के खतौली में दो बीकॉम छात्राएं एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की जिद पर अड़ गईं। परिवारों के विरोध के बाद मामला कोतवाली पहुंचा, जहां दो दिन तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। पुलिस और परिजनों की काउंसिलिंग के बाद दोनों छात्राएं फिलहाल अपने-अपने घर लौट गईं।
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से समलैंगिक रिश्ते का एक अनोखा मामला सामने आया है। खतौली कोतवाली क्षेत्र में दो बीकॉम छात्राओं ने समाज और परिवार की बंदिशों को दरकिनार करते हुए एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की जिद पकड़ ली। इस मामले को लेकर पिछले दो दिनों तक कोतवाली में काफी हंगामा और समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा। पुलिस और परिजनों ने दोनों को समझाने की कोशिश की, जिसके बाद कुछ शर्तों पर मामला शांत हो सका। फिलहाल दोनों छात्राएं अपने-अपने परिवार के साथ घर लौट गई हैं।
शादी समारोह में हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्राएं खतौली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं और साथ में बीकॉम की पढ़ाई कर चुकी हैं। करीब तीन साल पहले एक शादी समारोह में दोनों की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया था। परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी तब हुई, जब उन्होंने बेटियों के लिए लड़कों के रिश्ते देखने शुरू किए। दोनों छात्राएं हर बार शादी से इनकार कर देती थीं। जब घरवालों ने कारण पूछा तो दोनों ने साफ कह दिया कि वे किसी लड़के से नहीं, बल्कि एक-दूसरे से शादी करना चाहती हैं। यह सुनकर दोनों परिवार हैरान रह गए और उन्होंने इस रिश्ते का विरोध शुरू कर दिया।
घर से मामला पहुंचा कोतवाली
परिवार में बढ़ते तनाव के बाद सोमवार शाम मामला खतौली कोतवाली पहुंच गया। पुलिस ने दोनों छात्राओं और उनके परिजनों को काफी देर तक समझाने की कोशिश की। सोमवार रात को किसी तरह दोनों को घर भेज दिया गया, लेकिन मंगलवार सुबह दोनों फिर से कोतवाली पहुंच गईं और साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। इसके बाद पुलिस ने कई घंटों तक काउंसिलिंग की। आखिरकार दोनों छात्राओं ने अपने परिवारों के सामने कुछ शर्तें रखीं। परिवारों ने भविष्य को देखते हुए उन शर्तों को मान लिया, जिसके बाद दोनों छात्राएं अपने-अपने घर लौटने को तैयार हो गईं।
पुलिस बोली- जरूरत पड़ी तो फिर होगी काउंसिलिंग
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दो बालिग लड़कियों के आपसी रिश्ते से जुड़ा था। दोनों को कानूनी और सामाजिक पहलुओं की जानकारी दी गई है। फिलहाल दोनों को परिजनों के साथ भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में फिर कोई विवाद सामने आता है, तो प्रोफेशनल काउंसिलिंग कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
