IIT रुड़की से इंजीनियरिंग, 20 लाख की नौकरी छोड़ी... फिर बना बाबा, प्रवचन के जाल में फंसाकर युवतियों का करता था शोषण
Uttar Pradesh News: मथुरा के गोवर्धन में पुलिस ने एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन प्रवचनों के जरिए युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। आरोप है कि वह नशीला पदार्थ देकर शोषण करता और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Mathura Fake Baba Arrested: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। गोवर्धन क्षेत्र में पुलिस ने खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाले एक कथित बाबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह व्यक्ति ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के माध्यम से पढ़े-लिखे युवक-युवतियों को अपने प्रभाव में लेता था। आरोप है कि वह विशेष रूप से बड़ी कंपनियों में काम करने वाली युवतियों को निशाना बनाता था। इसके बाद उन्हें अपने आश्रम बुलाकर नशीला पदार्थ देता, उनका शोषण करता और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकारता नारायण दास को राधाकुंड स्थित उसके आश्रम से गिरफ्तार किया है। मौके से दो युवतियों और एक युवक को भी सुरक्षित मुक्त कराया गया।
IIT रुड़की से पढ़ाई फिर शुरू किया ऑनलाइन प्रवचन
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के अनुसार आरोपी अभिषेक मिश्रा ओडिशा का रहने वाला है। उसने वर्ष 2017 से 2021 के बीच IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई की थी। इसके बाद उसे मुंबई की एक बड़ी कंपनी में करीब 20 लाख रुपये सालाना पैकेज की नौकरी मिली। हालांकि वर्ष 2023 में उसने नौकरी छोड़ दी और मथुरा के राधाकुंड क्षेत्र में रहने लगा। पुलिस के मुताबिक, पढ़ा-लिखा होने के कारण उसकी बातों का लोगों पर गहरा असर पड़ता था। उसने गीता और आध्यात्मिक विषयों पर ऑनलाइन प्रवचन शुरू किए और इसी माध्यम से लोगों को अपने प्रभाव में लेना शुरू कर दिया।
युवतियों को फंसाकर करता था शोषण और ब्लैकमेल
जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक-युवतियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें गोवर्धन बुलाता था। वहां वह लड़कों और लड़कियों का गंधर्व विवाह कराता और बाद में युवतियों को अपने जाल में फंसा लेता था। आरोप है कि वह प्रसाद या चरणामृत के नाम पर नशीला पदार्थ देता था। बेहोशी की हालत में वह दुष्कर्म कर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लेता था। पुलिस के अनुसार इन्हीं वीडियो और तस्वीरों के जरिए वह पीड़िताओं से मोटी रकम वसूलता था। इसी पैसे से उसने राधाकुंड में मकान खरीदकर उसे आश्रम का रूप दे दिया। जांच में यह भी सामने आया कि विरोध करने पर उसने अपनी मां, जो ओडिशा सरकार में शिक्षिका रह चुकी हैं, उनके साथ भी मारपीट की थी।
छात्रा की शिकायत से खुला पूरा मामला
इस पूरे मामले का खुलासा छत्तीसगढ़ की एक बीएससी नर्सिंग छात्रा की शिकायत के बाद हुआ। छात्रा अपनी बहन से मिलने मथुरा आई थी। आरोप है कि 15 मई की रात आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ देकर गलत काम किया। घर लौटने के बाद छात्रा ने अपने परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर 25 मई को गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अब तक करीब 144 युवक-युवतियों का ब्रेनवॉश कर चुका था और दो दर्जन से अधिक लोग उसके प्रभाव में थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
