कानपुर में थाने के पास दिनदहाड़े चोरी, अष्टधातु की मूर्तियां और नकदी समेत 10 लाख का माल बरामद

कानपुर में नौबस्ता पुलिस स्टेशन के पास एक दुकान से करीब 10 लाख रुपये की मूर्तियां और बर्तन चोरी हो गए, जिसके बाद पुलिस ने दो चोरों और एक खरीदार को गिरफ्तार किया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।

Mar 8, 2026 - 14:39
 0
कानपुर में थाने के पास दिनदहाड़े चोरी, अष्टधातु की मूर्तियां और नकदी समेत 10 लाख का माल बरामद

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां शातिर चोरों ने दिनदहाड़े पुलिस थाने के पास स्थित एक दुकान को निशाना बना लिया। चोर नकदी और अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर फरार हो गए। यह घटना थाने के सामने होने के कारण इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया। चोरी की गई मूर्तियों और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरी घटना का खुलासा डीसीपी साउथ ने किया है।

चोरी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस मामले में पकड़ा गया मुख्य आरोपी विवेक दीक्षित है, जो रेउना थाना क्षेत्र के दरौली गांव का रहने वाला है। दूसरा आरोपी शिवप्रसाद है, जो उजनेड़ी गांव का निवासी बताया गया है। दोनों आरोपी हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले तीसरे आरोपी अनिल कुमार को भी गिरफ्तार किया है। अनिल कुमार कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अष्टधातु की मूर्तियां, बर्तन और अन्य सामान समेत करीब 10 लाख रुपये का माल और एक बाइक भी बरामद की है।

कारोबारी दुकान बंद कर आराम करने गए थे
डीसीपी साउथरवीन्द्रनाथ चौधरी ने बताया कि न्यू आजाद नगर के भीम चौराहा निवासी सुजीत साहू की नौबस्ता थाने के पास बर्तन की दुकान है। चार मार्च को सुजीत के पिता राजकुमार साहू सुबह करीब 11:30 बजे दुकान बंद करके आराम करने चले गए थे। जब दोपहर करीब 2 बजे वह वापस दुकान पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था और गुल्लक भी खाली मिला।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
राजकुमार साहू ने तुरंत अपने बेटे सुजीत को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दिखाई दिया कि बिना नंबर की बाइक से दो युवक दुकान के पास आए थे। उनमें से एक युवक त्रिशूल घुमाते हुए दिख रहा था और दूसरे ने सिर पर गमछा बांध रखा था। दोनों चोरों ने करीब पांच मिनट में दुकान के चार दरवाजों की कुंडी खोल दी और गुल्लक में रखे 25 हजार रुपये के साथ प्लास्टिक की बोरी में बर्तन और छह अष्टधातु की मूर्तियां भरकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन टीमों को आरोपियों की तलाश में लगा दिया।

पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने विवेक और शिवप्रसाद को हंसपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दुकानदार अनिल कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने राधा-कृष्ण की मूर्ति समेत पांच अष्टधातु की मूर्तियां, पीतल के बर्तन, सिंहासन, दीपक और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।