ईरान का अब तक का सबसे बड़ा मिसाइल हमला, इजराइल के कई शहरों में भारी तबाही
ईरान ने तेल अवीव और प्रमुख शहरों को निशाना बनाते हुए इजरायल पर 500 से अधिक मिसाइलें दागीं, जिससे मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारी तबाही हुई।
मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान ने इजराइल पर अब तक का सबसे बड़ा मिसाइल हमला किया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अनुसार 24 मार्च की रात को ही 220 मिसाइलें एक साथ दागी गईं, जबकि कुल मिलाकर 500 से ज्यादा मिसाइलें छोड़ी गईं। इस हमले को अब तक का सबसे बड़ा एकल मिसाइल हमलों में से एक माना जा रहा है। हमले के दौरान हर घंटे औसतन 10 मिसाइलें दागी गईं। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच सीजफायर को लेकर बातचीत चल रही है।
इजराइल के कई शहरों को बनाया निशाना
ईरान के इस बड़े हमले में इजराइल के कई प्रमुख शहरों को एक साथ निशाना बनाया गया। इनमें तेल अवीव, हाइफ़ा, बनी ब्राक और सेंट्रल इजराइल के अन्य इलाके शामिल हैं। खासतौर पर Tel Aviv हमले का मुख्य केंद्र रहा। कई जगहों पर मिसाइल गिरने से इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा और कुछ इमारतें ढहने की भी खबर सामने आई है। तेल अवीव की एक सड़क पर मिसाइल गिरने से आसपास के भवनों के शीशे टूट गए और आग लग गई। घायलों की संख्या अलग-अलग रिपोर्ट्स में 15 से 200 के बीच बताई जा रही है।
एयर डिफेंस सिस्टम ने कई मिसाइलें रोकीं
इज़राइल रक्षा बल के अनुसार इजराइल के मल्टी-लेयर एयर डिफेंस सिस्टम ने करीब 70 प्रतिशत मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। इसमें आयरन डोम, एरो सिस्टम और डेविड्स स्लिंग जैसे सिस्टम शामिल हैं। हालांकि, बाकी 30 प्रतिशत मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंच गईं, जिससे काफी नुकसान हुआ। कुछ मिसाइलों में क्लस्टर वॉरहेड भी लगे थे, जो हवा में फटकर छोटे-छोटे बमों में बदल जाते हैं। इससे शहरी इलाकों में ज्यादा तबाही हुई और राहत कार्य कठिन हो गया।
ईरान का दावा, नई मिसाइलें ज्यादा खतरनाक
ईरान ने दावा किया है कि इस हमले में उसने नई पीढ़ी की मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। इनमें फतह-2, सेज्जिल, इमाद और खोर्रमशहर-4 शामिल हैं। ईरान का कहना है कि ये मिसाइलें तेज रफ्तार और दिशा बदलने की क्षमता रखती हैं, जिससे इन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। साथ ही, बड़े पैमाने पर हमले कर इजराइल के डिफेंस सिस्टम को थकाने की रणनीति अपनाई जा रही है। हाइपरसोनिक मिसाइलों के इस्तेमाल से इस युद्ध ने एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
