घूंघट, जींस-टीशर्ट और इंस्टाग्राम रील्स... इन वजहों से टूट रहे रिश्ते, गाजियाबाद के मामलों ने चौंकाया
Ghaziabad News: गाजियाबाद के परिवार परामर्श केंद्र में विवाह से जुड़े कई अनोखे मामले सामने आए हैं। घूंघट प्रथा, जींस-टीशर्ट पहनने पर रोक, इंस्टाग्राम रील्स की लत और लाइफस्टाइल में अंतर जैसी वजहों से कई रिश्ते टूटने की कगार पर पहुंच गए, जबकि कुछ मामलों में समझौता भी कराया गया।
आधुनिक जीवनशैली, बदलती सोच और अपनी-अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने की चाह आज कई वैवाहिक रिश्तों के लिए चुनौती बनती जा रही है। गाजियाबाद के परिवार परामर्श केंद्र (फैमिली काउंसलिंग सेंटर) में हाल के दिनों में ऐसे कई हैरान करने वाले मामले सामने आए हैं, जहां घूंघट प्रथा, कपड़ों की पसंद, सोशल मीडिया की लत और जीवनशैली में अंतर जैसी वजहों ने परिवारों में गंभीर विवाद पैदा कर दिए। कुछ मामलों में समझौता हो गया, जबकि कुछ रिश्ते तलाक की दहलीज तक पहुंच गए। काउंसलर्स का कहना है कि आजकल दंपतियों के बीच सहनशीलता कम हो रही है और छोटी-छोटी बातों पर मतभेद बड़े विवाद का रूप ले रहे हैं।
घूंघट को लेकर विवाद
परामर्श केंद्र में आया पहला मामला भोजपुर की रहने वाली सुनीता और राजस्थान के अलवर निवासी विनय (दोनों नाम बदले हुए) से जुड़ा था। शादी के केवल दो दिन बाद ही महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। सुनीता का आरोप था कि उस पर हर समय घूंघट करने का मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने इसका विरोध करते हुए कहा कि यदि उन्हें हर समय घूंघट में रहना होगा तो उनके पति को भी दिन-रात शेरवानी पहननी चाहिए। कई दौर की काउंसलिंग के बावजूद दोनों पक्ष अपनी बात पर अड़े रहे और अंततः मामला तलाक के लिए अदालत भेज दिया गया।
जींस-टीशर्ट पर रोक से बढ़ा विवाद
एक अन्य मामले में शादी के एक सप्ताह बाद ही नवविवाहिता परामर्श केंद्र पहुंच गई। उसका कहना था कि शादी से पहले वह नौकरी करती थी और जींस-टीशर्ट पहनती थी, लेकिन ससुराल आने के बाद उस पर केवल साड़ी पहनने का दबाव डाला जाने लगा। इस मामले में काउंसलर्स ने दोनों पक्षों को समझाया और आखिरकार समझौता कराने में सफलता हासिल की।
इंस्टाग्राम रील्स बनी पारिवारिक कलह की वजह
तीसरा मामला सोशल मीडिया से जुड़ा था। एक पति ने शिकायत की कि उसकी पत्नी दिनभर इंस्टाग्राम रील्स बनाने और मायके वालों से वीडियो कॉल पर व्यस्त रहती है। पति का कहना था कि इससे घर की शांति और निजी जीवन प्रभावित हो रहा है। शादी को तीन साल हो चुके हैं और उनका एक साल का बच्चा भी है। बच्चे के भविष्य को देखते हुए काउंसलर्स ने दोनों को समझाया, जिसके बाद पत्नी ने अपनी आदतों में सुधार का आश्वासन दिया।
लाइफस्टाइल में अंतर ने बढ़ाई दूरियां
वसुंधरा इलाके के एक शिक्षित दंपति का मामला भी चर्चा में रहा। पति-पत्नी दोनों आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शादी के डेढ़ साल बाद उनके बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला काउंसलिंग तक पहुंच गया। पति को देर रात तक जागने और सामान बिखरा छोड़ने की आदत थी, जबकि पत्नी अनुशासन और साफ-सफाई को लेकर बेहद सख्त थी। काउंसलिंग के बाद भी दोनों समझौते के लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी। काउंसलर्स का मानना है कि आधुनिक जीवनशैली, अलग-अलग सोच और आपसी सहनशीलता की कमी के कारण ऐसे मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
