बकरीद से पहले नमाजियों को सीएम योगी की चेतावनी, बोले - सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे, प्यार से मानेंगे ठीक, नहीं तो अपनाएंगे दूसरा तरीका
बकरीद से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क पर नमाज को लेकर सख्त चेतावनी दी है। लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा कि यूपी में सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी। योगी बोले- प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं मानेंगे तो सरकार दूसरा तरीका अपनाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों के आने-जाने के लिए हैं, धार्मिक भीड़ जुटाने के लिए नहीं।
बकरीद से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क पर नमाज को लेकर बड़ा और सख्त बयान दिया है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में योगी ने साफ कहा कि यूपी में सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नमाज पढ़नी है तो तय जगह पर पढ़ें, लेकिन सड़कों पर अराजकता और ट्रैफिक जाम बर्दाश्त नहीं होगा। योगी ने कहा, “लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या यूपी में सड़क पर नमाज होती है? मैं कहता हूं- कतई नहीं। सड़कें चलने के लिए हैं, किसी भी तरह की भीड़ लगाने या ट्रैफिक रोकने के लिए नहीं।”
‘संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में पढ़िए नमाज’
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग उनसे कहते हैं कि नमाज पढ़ने वालों की संख्या ज्यादा होती है। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि अगर संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में नमाज पढ़ लीजिए। हम नमाज नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर अव्यवस्था नहीं होने देंगे। वहीं सीएम योगी ने आगे कहा कि अगर घर में रहने की जगह नहीं है तो संख्या कंट्रोल करनी चाहिए। सामर्थ्य नहीं है तो बेवजह संख्या क्यों बढ़ाई जा रही है?
बरेली बवाल पर भी बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बरेली में हुए बवाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने वहां हाथ आजमाया था, लेकिन सरकार की ताकत भी देख ली। दरअसल, सितंबर 2025 में मुस्लिम नेता मौलाना तौकीर रजा ने नमाज के बाद धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया था। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो हालात बिगड़ गए थे और पथराव के बाद लाठीचार्ज करना पड़ा था।
‘कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा यूपी’
योगी आदित्यनाथ ने यूपी के विकास मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान कट्टा और बम से होती थी, लेकिन अब यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। उन्होंने कहा, “नकारात्मक माहौल होगा तो वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया पैदा होगा। सकारात्मक माहौल होगा तो वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट बनेगा।” योगी ने दावा किया कि यूपी तेजी से 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की ओर बढ़ रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा पर दिया बड़ा बयान
सीएम योगी ने कहा कि पहले यूपी में महिलाएं दिन में भी बाहर निकलने से डरती थीं, लेकिन अब वे रात में भी सुरक्षित काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में बड़े सुधार हुए हैं और अब बेटियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
पहले ही लागू है सड़क पर नमाज पर रोक
गौरतलब है कि योगी सरकार 2022-23 में ही सड़कों पर नमाज को लेकर सख्त आदेश जारी कर चुकी है। सरकार ने साफ किया था कि ईद, जुमा या अन्य धार्मिक मौकों पर नमाज केवल मस्जिदों, ईदगाहों और तय जगहों पर ही अदा की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
