'आरक्षण खत्म करने की साजिश रच रही RSS' मायावती ने Gen Z आंदोलन को लेकर दिया बड़ा बयान, बोलीं- सपा-कांग्रेस ने किया हाइजैक
मायावती ने आरक्षण, बेरोजगारी और छात्र आंदोलनों को लेकर भाजपा, RSS, कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली के CJP आंदोलन को कांग्रेस-सहयोगियों और रांची आंदोलन को भाजपा समर्थक दलों द्वारा हाईजैक किए जाने का आरोप लगाया।
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने आरक्षण, सरकारी नौकरियों, बेरोजगारी और छात्र-युवा आंदोलनों को लेकर भाजपा, RSS, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। मायावती ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में दलित, आदिवासी और अन्य पिछड़े वर्गों को मिलने वाला आरक्षण धीरे-धीरे लगभग निष्प्रभावी होता जा रहा है और RSS के लोग इसे और निष्प्रभावी बनाने में लगे हैं। मायावती ने कहा कि पब्लिक सेक्टर को कमजोर कर लगातार प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे गरीब और बेरोजगार वर्ग पीछे जा रहा है, जबकि बड़े पूंजीपति और धन्नासेठ मजबूत होते जा रहे हैं। बसपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी निजी क्षेत्र के खिलाफ नहीं है, लेकिन सरकारी नौकरियों की तरह निजी क्षेत्र में भी आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बसपा सरकार ने सरकारी सहयोग से स्थापित उद्योगों में भी आरक्षण देने की व्यवस्था लागू की थी।
दलित, आदिवासी और पिछड़ों को लेकर मायावती ने जताई चिंता
मायावती ने सत्ता और विपक्ष दोनों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अंदरूनी मिलीभगत से दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को फिर से गुलाम और लाचार बनाने की साजिश चल रही है। उन्होंने इन वर्गों से सतर्क रहने और अपने हितों की रक्षा के लिए बसपा से जुड़ने की अपील की। मायावती ने कहा कि बसपा की सरकारों में सर्वसमाज के किसी वर्ग के साथ भेदभाव और पक्षपात नहीं किया गया। सभी वर्गों के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक हितों का ध्यान रखा गया।
दिल्ली के छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस-सपा पर हमला
मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर हुए CJP के आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छात्रों, नौजवानों और Gen-Z की समस्याओं से जुड़ा यह आंदोलन गंभीर मुद्दों को उठाता है और बसपा हमेशा छात्र-युवाओं के साथ खड़ी रही है। हालांकि, मायावती ने आरोप लगाया कि CJP के आंदोलन को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हाईजैक कर लिया। उन्होंने कहा कि अब उसकी आड़ में संसद भी नहीं चल पा रही है। मायावती ने छात्रों और युवाओं से आंदोलन करने की अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज जरूर उठाएं, लेकिन राजनीतिक दलों के हाथों का मोहरा न बनें।
रांची में BJP पर भी लगाया आंदोलन हाईजैक करने का आरोप
मायावती ने झारखंड की राजधानी रांची में चल रहे छात्र और युवा आंदोलन को लेकर भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रांची में छात्र और नौजवान अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मायावती के मुताबिक, रांची के आंदोलन पर कांग्रेस और उसके समर्थक दल खुलकर नहीं बोल रहे हैं, जबकि अब भाजपा और उसके समर्थक दल छात्रों की आवाज उठाने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा और उसके समर्थक दलों ने भी इस आंदोलन को हाईजैक कर लिया है। मायावती ने दिल्ली और रांची के दोनों आंदोलनों को राजनीतिक नजरिए से देखते हुए कहा कि छात्र-युवा आंदोलनों के पीछे उनकी समस्याओं के समाधान से ज्यादा राजनीति दिखाई दे रही है। उनके मुताबिक राजनीतिक दलों में समस्याओं को हल कराने की गंभीरता नहीं है और चुनावी स्वार्थ की संकीर्ण राजनीति हावी है।
Gen-Z से मायावती की अपील- राजनीतिक दलों के हाथों का मोहरा न बनें
बसपा प्रमुख ने देशभर के छात्रों, नौजवानों और Gen-Z से सत्ता और विपक्ष के कथित षड्यंत्र से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी समस्याओं से निपटने के लिए राजनीतिक दलों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करें, लेकिन अपनी समस्याओं की आड़ में सत्ता और विपक्ष को संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ साधने का मौका न दें।
मायावती बोलीं- BSP सरकारों में लाखों युवाओं को रोजगार मिला
मायावती ने उत्तर प्रदेश में अपनी चार बार की सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा ने छात्रों और नौजवानों को कभी निराश नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने छात्रों की समस्याओं का समय पर निदान किया और युवाओं की रोटी-रोजी का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने दावा किया कि सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए। सरकारी भर्तियों पर लंबे समय से लगी रोक को हटाकर लाखों लोगों को रोजगार के साधन दिए गए। पुलिस और अन्य विभागों में नए सरकारी पद सृजित कर भी रोजगार दिया गया। मायावती ने कहा कि आज पढ़ाई और ट्रेनिंग पूरी करने के बाद छात्र-युवा रोजगार चाहते हैं, लेकिन केंद्र और राज्यों की विभिन्न सरकारें उनकी यह जरूरत पूरी नहीं कर पा रही हैं। इसी वजह से युवाओं में जबरदस्त रोष है।
UP, उत्तराखंड और पंजाब चुनाव को लेकर BSP का समर्थन मांगा
मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी पार्टी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने सर्वसमाज के लोगों से बसपा को मजबूत और सफल बनाने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि छात्र, नौजवान, दलित, आदिवासी, पिछड़े, मुस्लिम और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यक, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और अन्य मेहनतकश वर्ग खुशहाल जिंदगी जी सकें, इसके लिए बसपा को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने अपनी सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा ने उत्तर प्रदेश में चार बार सरकार बनाकर सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर काम किया और सर्वसमाज के साथ बिना भेदभाव के काम किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
