15 अगस्त पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान- जल्द आएगी यूथ पॉलिसी, AI से डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग तक युवाओं के लिए खुलेंगे नए रास्ते, पगड़ी पहनकर लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया। सरकार जल्द यूथ पॉलिसी लाएगी, जिसमें स्किल, इनोवेशन और रोजगार पर फोकस होगा। AI, मशीन लर्निंग और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में युवाओं के लिए नए अवसरों से लेकर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना तक जानिए योगी के ऐलान की पूरी कहानी।
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आने जा रही है। इसका मकसद युवाओं के कौशल, नवाचार और रोजगार को एक साथ बढ़ावा देना है। सीएम ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और एम्प्लॉयमेंट हो। इसी सोच के साथ आने वाली यूथ पॉलिसी के जरिए युवाओं के लिए एक इंटीग्रेटेड अप्रोच तैयार की जाएगी, ताकि प्रदेश की युवा शक्ति को विकास की रफ्तार से जोड़ा जा सके।
युवाओं की प्रतिभा को बताया यूपी की सबसे बड़ी ताकत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा ही उत्तर प्रदेश की असली शक्ति है। प्रदेश अपने डेमोग्राफिक डिविडेंड को विकास के इंजन में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने खास तौर पर Gen-Z और Gen-Alpha का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में युवाओं के लिए AI, मशीन लर्निंग और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में नए अवसर खोले जाएंगे। सीएम योगी ने युवाओं के लिए चल रही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त लोन उपलब्ध करा रही है। सरकार की कोशिश है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाला न बने, बल्कि खुद रोजगार देने की क्षमता भी विकसित करे। यूथ पॉलिसी के जरिए इसी सोच को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
योगी बोले- अराजकता और अशिक्षा पर जीत हासिल करनी है
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातों का उल्लेख करते हुए अराजकता और अशिक्षा के खिलाफ लड़ाई की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि अगर अराजकता और अशिक्षा पर विजय प्राप्त करनी है, तो देश को बांटने और कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहना होगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की चार मुख्य जातियां गरीब, युवा, महिला और किसान बताई हैं। इसलिए जब इन चार वर्गों के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा, तो उसके परिणाम भी बेहतर होंगे।
पगड़ी पहनकर विधान भवन पहुंचे योगी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उनका अलग अंदाज देखने को मिला। योगी पगड़ी पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ते में नजर आए। ध्वजारोहण के बाद स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति से भर गया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों के साथ तिरंगे वाले गुब्बारे हवा में उड़ाए।
घरों से लेकर सरकारी इमारतों तक तिरंगे की रौनक
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे उत्तर प्रदेश में देशभक्ति का माहौल नजर आया। घरों, दुकानों और बड़ी इमारतों पर तिरंगा लहराता दिखाई दिया। चौराहों और सरकारी कार्यालयों को तिरंगी झालरों और झंडों से सजाया गया। शहरों से लेकर कस्बों तक जगह-जगह ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए और देशभक्ति के गीत गूंजते रहे। आगरा में बच्चों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। वहीं काशी में बाबा विश्वनाथ का तिरंगा स्वरूप में विशेष शृंगार किया गया। इस तरह स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश में सरकारी कार्यक्रमों से लेकर आम लोगों की भागीदारी तक, हर तरफ तिरंगे की छटा दिखाई दी। मुख्यमंत्री योगी का यूथ पॉलिसी को लेकर ऐलान ऐसे समय में आया है, जब उत्तर प्रदेश की युवा आबादी को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत के तौर पर पेश किया जा रहा है। आने वाले समय में इस नीति के जरिए स्किल, रोजगार, स्टार्टअप, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता को किस तरह जोड़ा जाता है, इस पर युवाओं की नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
