संसद परिसर में चढ़ावा चोरी पर सियासी ड्रामा, साधु बने पप्पू यादव की दानपेटी में राहुल गांधी ने डाले रुपए, चोरी करने पर सपा सांसदों ने पकड़कर पीटा
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर संसद परिसर में विपक्ष ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। साधु बने पप्पू यादव दानपेटी लेकर बैठे, राहुल गांधी ने उसमें रुपए डाले और फिर शुरू हुआ ऐसा घटनाक्रम जिसने पूरे प्रदर्शन को चर्चा का विषय बना दिया।
संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन शुक्रवार को अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे पर विपक्ष ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने संसद परिसर में मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस बार नारे और पोस्टर ही नहीं, बल्कि दानपेटी और साधु के वेश में किया गया सांकेतिक प्रदर्शन चर्चा का केंद्र बन गया। बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद पहुंचे। माथे पर चंदन का तिलक लगाए और हाथ में दानपेटी लेकर वह संसद के मकर द्वार के पास जमीन पर बैठ गए। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने इसी प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को उठाने की कोशिश की।
दानपेटी में रुपए डाले, फिर पप्पू यादव ने जेब में रख लिए
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव और अवधेश प्रसाद दानपेटी में सांकेतिक रूप से चढ़ावा डालने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दानपेटी में रुपए डाले, पप्पू यादव तुरंत उन पैसों को निकालकर अपनी जेब में रखने लगे। कुछ देर बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने भी दानपेटी में रुपए डाले। इसके बाद पप्पू यादव दानपेटी उठाकर वहां से भागने लगे। तभी समाजवादी पार्टी के सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया और दानपेटी वापस छीन ली।
पिटाई की एक्टिंग कर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसदों ने पप्पू यादव की सांकेतिक रूप से पिटाई करने की एक्टिंग भी की। पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां मौजूद सांसदों और मीडिया के बीच हलचल बनी रही। इस पर मजाकिया अंदाज में पप्पू यादव ने कहा कि हमें लगा कि पैसे लेकर भाग जाएंगे, लेकिन सपा सांसदों ने पकड़ लिया। अब कह रहे हैं कि फांसी चढ़ा देंगे।
तीन मुद्दों पर विपक्ष का सरकार पर हमला
विपक्ष का यह प्रदर्शन केवल राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे तक सीमित नहीं रहा। विपक्षी दलों ने छात्रों पर लाठीचार्ज और संसद से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गैर-मौजूदगी को लेकर भी सरकार को घेरने की कोशिश की। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद हाथों में पोस्टर लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन करते नजर आए। पोस्टरों पर लिखा था कि अमित शाह संसद से गायब क्यों हैं? इन नारों के जरिए विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा और सदन के भीतर तथा बाहर दोनों जगह अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा ने विपक्ष के प्रदर्शन पर उठाए सवाल
विपक्ष के प्रदर्शन पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने विपक्ष के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि विपक्ष का व्यवहार गैर जिम्मेदाराना है। राहुल गांधी देश के युवाओं को भड़काना चाहते हैं। छात्रों की सभी मांगे मान ली गई हैं। वे छात्रों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा की ओर से प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी बताते हुए विपक्ष पर संसद की गरिमा प्रभावित करने का आरोप भी लगाया गया।
अवधेश प्रसाद बोले- यह करोड़ों लोगों की आस्था का विषय
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कहा कि राम मंदिर चंदा चढ़ावा पूरे राष्ट्र का सवाल है, करोड़ों लोगों की आस्था का सवाल है। इस विषय पर पूरा राष्ट्र एक साथ है। अफसोस है कि एक महीने से ज्यादा हो गया है और सरकार कुछ नहीं कर रही है। इसकी लड़ाई समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले को सबसे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सार्वजनिक रूप से उठाया था और पार्टी इसे लगातार उठा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
