जमानत मिलने पर रेप के आरोपी ने की 36 मिनट में 6 हत्या, पहले पीड़ित नाबालिग, उसकी मां, नानी और उसके बाद अपनी पत्नी समेत 2 मासूम बच्चों को उतारा मौत के घाट
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में हुए इस खौफनाक सामूहिक हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पॉक्सो एक्ट के आरोपी राजकुमार ने कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद ऐसा कदम उठाया, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महज 36 मिनट के अंदर 6 लोगों की हत्या कर दी। पहले उस नाबालिग लड़की और उसके परिवार को निशाना बनाया, जिसने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था, फिर अपने ही घर पहुंचकर पत्नी और दो मासूम बच्चों की जान ले ली। आखिर उस रात क्या हुआ था? कैसे आरोपी ने एक के बाद एक वारदात को अंजाम दिया?
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद मंडल से सामने आया सामूहिक हत्याकांड हर किसी को झकझोर देने वाला है। एक ऐसे आरोपी ने, जिसे अदालत से राहत मिली थी, बाहर आते ही कथित तौर पर बदले की आग में ऐसा कदम उठाया कि एक ही रात में 6 जिंदगियां खत्म हो गईं। पुलिस जांच में सामने आई वारदात की टाइमलाइन बताती है कि आरोपी राजकुमार ने शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे से 11:27 बजे के बीच इस पूरे हत्याकांड को अंजाम दिया। यानी सिर्फ 36 मिनट में उसने एक के बाद एक 6 हत्याएं कर दीं।
पहला निशाना बनी पॉक्सो केस दर्ज कराने वाली लड़की की मां
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय राजकुमार अपनी कार से शाबाद शहर पहुंचा। यहां रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने मई महीने में उसके खिलाफ पीछा करने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:45 बजे आरोपी लड़की के घर पहुंचा। जैसे ही लड़की की 42 वर्षीय मां ने दरवाजा खोला, राजकुमार ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह लड़की को अपने साथ लेकर वहां से निकल गया।
झील किनारे नाबालिग की हत्या, बांध के पास मिला शव
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी लड़की को कार से गांव की एक सुनसान झील के पास ले गया। वहां उसने कथित तौर पर नाबालिग लड़की की भी चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बांध के पास फेंक दिया और वहां से अपने घर की ओर निकल गया।
घर पहुंचा और सो रही पत्नी-बच्चों को भी नहीं छोड़ा
रात करीब 11:21 बजे राजकुमार अपने गांव स्थित घर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक वह घर में सिर्फ करीब 6 मिनट तक रहा। इसी दौरान उसने कथित तौर पर सो रही अपनी 31 वर्षीय पत्नी और अपने दो मासूम बेटों की गला रेतकर हत्या कर दी। मृत बच्चों में एक की उम्र 4 साल और दूसरे की उम्र सिर्फ 18 महीने थी। इसके बाद रात 11:27 बजे वह घर से निकलकर फरार हो गया।
हत्या के बाद पिता को फोन, बोला- 6 मर्डर कर दिए हैं
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शाबाद में रहने वाले अपने पिता को फोन किया। पुलिस के मुताबिक राजकुमार ने फोन पर अपने पिता से कहा कि उसने 6 लोगों की हत्या कर दी है। यह जानकारी मिलने के बाद उसके पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पॉक्सो केस में मिली थी अग्रिम जमानत, बाहर आते ही रची साजिश
इस पूरे मामले की जड़ मई महीने में दर्ज हुआ पॉक्सो केस है। पुलिस के अनुसार नाबालिग लड़की और उसकी मां की शिकायत पर राजकुमार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। इसके बाद जून महीने में उसने शाबाद की स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की। बताया गया कि मामले में अधिकतम सजा 7 साल से कम होने के कानूनी प्रावधानों के आधार पर अदालत ने उसकी अग्रिम जमानत मंजूर कर दी। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने उसे पर्सनल बॉन्ड पर रिहा कर दिया था। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
आखिर अपने बच्चों की भी हत्या क्यों की?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आरोपी ने बदले की भावना में न सिर्फ शिकायतकर्ता लड़की और उसके परिवार को निशाना बनाया, बल्कि अपने ही पत्नी और मासूम बच्चों की भी हत्या क्यों कर दी। फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी ने आखिर इतने गुस्से में आकर लड़की, उसके परिवार और अपने बच्चों को क्यों मारा, इसकी असली वजह गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
