बीच सगाई में दूल्हे ने रख दी नई डिमांड… दुल्हन ने तुरंत तोड़ दिया रिश्ता, सास-ननद को भी दिया करारा जवाब

सोनभद्र में सगाई के दौरान अतिरिक्त दहेज मांगने पर युवती ने साहस दिखाते हुए शादी से इनकार कर दिया। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है और जांच जारी है।

Mar 7, 2026 - 12:17
 0
बीच सगाई में दूल्हे ने रख दी नई डिमांड… दुल्हन ने तुरंत तोड़ दिया रिश्ता, सास-ननद को भी दिया करारा जवाब

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दहेज को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सगाई समारोह के दौरान लड़के वालों की अतिरिक्त दहेज मांग से नाराज होकर युवती ने शादी से ही इनकार कर दिया। युवती ने साफ कहा कि वह दहेज लोभियों के घर शादी नहीं करेगी। यह घटना राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की है। पूरे मामले में लड़की पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

सगाई के दौरान दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग
जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज कस्बे के विकास नगर निवासी गोपाल मौर्य के बेटे विनय मौर्य की शादी राबर्ट्सगंज की रहने वाली एक युवती से तय हुई थी। आरोप है कि शादी की बातचीत के दौरान लड़के वालों ने गहने बनवाने के नाम पर पहले ही चार लाख रुपये नकद ले लिए थे। इसके बाद छह मार्च को सगाई की तारीख तय की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार राबर्ट्सगंज स्थित एक पैलेस में सगाई समारोह आयोजित किया गया था, जहां मेहमानों की मौजूदगी में कार्यक्रम चल रहा था।

अलग कमरे में बुलाकर की गई पैसों की मांग
लड़की पक्ष का आरोप है कि समारोह के दौरान लड़के की मां, बहन और खुद लड़के ने युवती के पिता को एक अलग कमरे में बुलाया। वहां उन्होंने सगाई आगे बढ़ाने से पहले तुरंत दो लाख रुपये और देने की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने कहा कि वे तुरंत इतनी रकम देने में असमर्थ हैं और बाद में पैसे देने की बात कही। लेकिन इस पर लड़के पक्ष के लोग नाराज हो गए और अभद्र व्यवहार करने लगे।

युवती ने मौके पर ही शादी से किया इनकार
इस पूरे घटनाक्रम से आहत युवती ने साहस दिखाते हुए वहीं पर शादी से इनकार कर दिया। उसने साफ शब्दों में कहा कि वह ऐसे परिवार में शादी नहीं करेगी जो दहेज की मांग करता हो। युवती के इस फैसले के बाद समारोह का माहौल बदल गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में लड़की पक्ष ने कोतवाली राबर्ट्सगंज में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।