सावन के पहले दिन शिवमय हुआ उत्तर प्रदेश: काशी में योगी ने किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सावन के पहले दिन उत्तर प्रदेश पूरी तरह शिवमय नजर आया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया, गलियों में पैदल घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उधर काशी, प्रयागराज, प्रतापगढ़ समेत प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
सावन के पहले दिन गुरुवार को पूरा उत्तर प्रदेश शिवभक्ति में डूबा नजर आया। सुबह होते ही वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, प्रतापगढ़ समेत प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। काशी विश्वनाथ धाम में मंगला आरती के बाद से ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया और सुबह से ही हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुबह करीब साढ़े आठ बजे वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काल भैरव मंदिर में दर्शन और आरती की। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और भस्म अर्पित की।
दर्शन के बाद बनारस की गलियों में घूमे योगी
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी की गलियों में पैदल निकले और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से बातचीत करते हुए पूछा कि व्यवस्थाओं में कोई कमी तो नहीं है। रास्ते में एक दुकान पर बैठे बच्चे को दुलारते हुए चॉकलेट भी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे सावन के दौरान ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे किसी भी श्रद्धालु को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस बार भी पिछले वर्ष की तरह पूरे सावन माह में काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP दर्शन पर रोक रहेगी, ताकि आम श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन मिल सकें।
काशी में गंगा आरती के साथ लिया स्वच्छता का संकल्प
सावन के पहले दिन धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता का संदेश भी देखने को मिला। नमामि गंगे अभियान के तहत बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को गंगा जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। गंगा सेवियों और शिवभक्तों ने मां गंगा की आरती उतारी और घाटों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों से गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने की अपील करते हुए सभी को जागरूक किया।
प्रदेश की सड़कों पर बढ़ा कांवड़ियों का रेला
सावन की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इसी को देखते हुए गुरुवार को बरेली में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अहम बैठक प्रस्तावित है। बैठक में डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव एसपी गोयल और नौ जिलों के जिलाधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बैठक के बाद कांवड़ यात्रा को लेकर नई गाइडलाइन भी जारी की जा सकती हैं।
500-500 के नोटों से सजी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र
मुजफ्फरनगर में सावन की शुरुआत के बीच एक अनोखी कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बुधवार देर रात करीब 11 बजे दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी विकास अपने दो साथियों के साथ हरिद्वार की हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर शिव चौक पहुंचे। उनकी कांवड़ 500-500 रुपये के असली नोटों से सजाई गई थी। कुल 7 हजार रुपये के नोटों से सजी इस कांवड़ को देखने के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विकास ने बताया कि वह अपने माता-पिता की लंबी उम्र की कामना के साथ कांवड़ यात्रा कर रहे हैं।
प्रतापगढ़ के बाबा बेलखरनाथ धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
प्रतापगढ़ स्थित प्रसिद्ध बाबा बेलखरनाथ धाम में भी सुबह से हजारों श्रद्धालु और कांवड़िए पहुंचते रहे। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से लगी रही लंबी कतार
प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में भी सावन के पहले दिन सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भोर में मंदिर के महंत श्रीधरानंद जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान मनकामेश्वर का विशेष पूजन, जलाभिषेक और श्रृंगार किया। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
