राजा भैया का अचूक निशाना, स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, दिल्ली में दिखाया दम, जानिए हथियारों का शौक कैसे बना पहचान
प्रतापगढ़ की राजनीति में दमदार पहचान रखने वाले राजा भैया ने इस बार अपनी सटीक निशानेबाजी से नया रिकॉर्ड बनाया है। दिल्ली में आयोजित यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा। आखिर कितने अंक मिले, किस स्पर्धा में उतरे और उनके हथियारों के शौक की कहानी क्या है?
राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया इस बार किसी राजनीतिक बयान या चुनावी रणनीति को लेकर नहीं, बल्कि अपनी निशानेबाजी को लेकर चर्चा में हैं। नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर एक बार फिर साबित किया कि उनका निशाना सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है। प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 30 जून के बीच हुआ था, जबकि परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। राजा भैया ने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) स्पर्धा में हिस्सा लिया और 25 अंक हासिल करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उन्होंने प्रतियोगी संख्या 71 के रूप में भाग लिया था। प्रतियोगिता का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें राजा भैया पूरे आत्मविश्वास के साथ क्ले टारगेट पर निशाना साधते दिखाई दे रहे हैं। उनके निशाने की सटीकता अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
राजनीति के साथ शूटिंग भी पुराना शौक
राजा भैया का शूटिंग से जुड़ाव नया नहीं है। वे नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के लाइफटाइम मेंबर हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शूटिंग की प्रेरणा उन्हें अपने पिता राजा उदय प्रताप सिंह से मिली, जो स्वयं भी शूटर रहे हैं। उसी प्रेरणा ने उन्हें इस खेल से जोड़ा और आज भी वे नियमित रूप से शूटिंग में रुचि रखते हैं।
दशहरे पर दिखाया था हथियारों का जखीरा
राजा भैया का हथियारों के प्रति लगाव पहले भी कई बार सुर्खियां बटोर चुका है। पिछले साल दशहरे के अवसर पर उन्होंने अपने शस्त्रागार में रखे 200 से अधिक देशी और विदेशी हथियारों की पूजा की थी। उस दौरान सामने आए वीडियो में टेबल पर पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, राइफल और थर्टी कार्बाइन समेत कई हथियार सजे दिखाई दिए थे। शस्त्र पूजन के दौरान राजा भैया ने कहा था कि ये सभी शस्त्र हमारे हैं। जो हमारा है, वह समर्थकों का है और जो समर्थकों का है, वह हमारा है।
कुंडा सीट से लगातार सातवीं बार बने विधायक
राजा भैया प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से लगातार सातवीं बार विधायक हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी जनसत्ता दल का गठन किया और वर्तमान में उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली नेताओं में उनकी गिनती होती है। हालांकि इस बार उनकी चर्चा राजनीतिक गतिविधियों से अधिक शूटिंग रेंज में किए गए प्रदर्शन को लेकर हो रही है। स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने यह भी दिखाया कि खेल के मैदान में भी उनका निशाना उतना ही सटीक है, जितना उनकी राजनीतिक पहचान मजबूत मानी जाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
