राहुल गांधी की नागरिकता पर नया विवाद… इलाहाबाद HC ने केंद्र से मांगी पूरी रिपोर्ट, 19 मार्च तक टली सुनवाई

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने राहुल गांधी की कथित दोहरी नागरिकता मामले में केंद्र सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।

Mar 10, 2026 - 12:13
 0
राहुल गांधी की नागरिकता पर नया विवाद… इलाहाबाद HC ने केंद्र से मांगी पूरी रिपोर्ट, 19 मार्च तक टली सुनवाई

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़ा दोहरी नागरिकता का विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने इस मामले में केंद्र सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी है। अदालत ने पूछा है कि राहुल गांधी की कथित ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ी शिकायत पर केंद्र ने अब तक क्या कार्रवाई की है। यह निर्देश सोमवार को सुनवाई के दौरान दिया गया। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च तक के लिए टाल दी है। इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है और अब सबकी नजरें केंद्र सरकार की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

शिकायत पर सुनवाई के दौरान कोर्ट का निर्देश
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के जस्टिस राजीव सिंह ने यह निर्देश उस याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया, जिसे कर्नाटक के BJP कार्यकर्ता एस विग्नेश शिशिर ने दायर किया है। याचिकाकर्ता ने लखनऊ की स्पेशल MP/MLA कोर्ट के 28 जनवरी के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी। स्पेशल कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि नागरिकता से जुड़े मामलों पर फैसला करने का अधिकार उसके पास नहीं है।

कई कानूनों के तहत लगाए गए आरोप
हाई कोर्ट में दायर याचिका में विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। याचिका में राहुल गांधी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, फॉरेनर्स एक्ट और पासपोर्ट एक्ट के कई प्रावधानों के तहत आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि कथित दोहरी नागरिकता के मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।

केंद्र सरकार से मांगे गए रिकॉर्ड
सुनवाई के दौरान अदालत ने केंद्र सरकार के वकील राज कुमार सिंह से पूछा कि राहुल गांधी की कथित ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ी शिकायत पर केंद्र की ओर से क्या कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही कोर्ट ने निर्देश दिया कि इस विवाद से जुड़े सभी रिकॉर्ड केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पेश किए जाएं। अदालत का कहना है कि सभी दस्तावेज सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रायबरेली से लखनऊ ट्रांसफर हुआ था मामला
यह शिकायत पहले रायबरेली की स्पेशल MP/MLA कोर्ट में दायर की गई थी। बाद में याचिकाकर्ता की मांग पर इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने 17 दिसंबर को इस केस को रायबरेली से लखनऊ ट्रांसफर कर दिया था। इसके बाद 28 जनवरी को लखनऊ की स्पेशल MP/MLA कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। अब उसी फैसले को चुनौती देते हुए मामला हाई कोर्ट पहुंचा है। जस्टिस राजीव सिंह की सिंगल बेंच केंद्र सरकार की रिपोर्ट मिलने के बाद 19 मार्च को इस मामले की अगली सुनवाई करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी भारतीय पत्रकार, कंटेंट राइटर, एंकर और मीडिया प्रोफेशनल हैं। वे डिजिटल पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने Zee News, Suman TV और UP News Network जैसे मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित डिजिटल कंटेंट और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। प्रारंभिक जीवन और शिक्षा अश्वनी तिवारी का जन्म 4 फरवरी 1997 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर, वाराणसी से प्राप्त की। हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की तथा आगे चलकर मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पूरी की। अश्वनी तिवारी ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया से की। उन्होंने 10 दिसंबर 2023 से 15 मार्च 2024 तक India Watch, लखनऊ में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल मीडिया कंटेंट पर कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2024 से 9 जुलाई 2024 तक Zee News, नोएडा में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की। इस दौरान वे न्यूज़ स्क्रिप्ट, डिजिटल कंटेंट और मीडिया रिसर्च से जुड़े रहे। अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 तक उन्होंने Suman TV, हैदराबाद में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। यहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार किए। वर्तमान में UP News Network से सब एडिटर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग का कार्य किया। इस दौरान वे ‘खरी खोटी’ नामक विशेष शो का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा वीडियो प्रस्तुति की। वर्तमान में अश्वनी तिवारी मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अश्वनी तिवारी डिजिटल पत्रकारिता और न्यूज़ प्रोडक्शन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी विशेषज्ञता कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया आधारित न्यूज़ प्रस्तुति में मानी जाती है।