शाहजहांपुर में 20 वर्षीय गौतम की चाकुओं से गोदकर हत्या, एनकाउंटर में आरोपी के पैर में लगी गोली, गिरफ्तारी के बाद बोला- बहन के साथ गलत किया था इसलिए मारा 

शाहजहांपुर में 20 वर्षीय गौतम मौर्य की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आरोपी पहले उसकी बाइक पर बैठा, फिर सुनियोजित तरीके से साथियों के साथ मिलकर चाकुओं से हमला कर दिया। पुलिस जांच में सोशल मीडिया स्टोरी का एंगल सामने आया, देर रात मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी और सुबह परिजनों ने हाईवे जाम कर फुल एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर दी।

Aug 1, 2026 - 13:22
 0
शाहजहांपुर में 20 वर्षीय गौतम की चाकुओं से गोदकर हत्या, एनकाउंटर में आरोपी के पैर में लगी गोली, गिरफ्तारी के बाद बोला- बहन के साथ गलत किया था इसलिए मारा 

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शुक्रवार रात हुई 20 वर्षीय युवक गौतम मौर्य की हत्या ने पूरे जिले को हिला दिया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और सोशल मीडिया से जुड़े विवाद का सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी पहले गौतम की बाइक पर पीछे बैठा, फिर पहले से तय जगह पर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य आरोपी समीर को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए थे। पुलिस ने बाद में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रोज की तरह दुकान से निकला, रास्ते में हुआ हमला 
कांट थाना क्षेत्र के कमलनैनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय गौतम मौर्य करीब पांच किलोमीटर दूर एक साइकिल की दुकान पर मिस्त्री का काम करता था। परिवार के पास दो बीघा जमीन है, जबकि करीब 20 बीघा खेत बटाई पर लिया गया था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे गौतम दुकान बंद करने के बाद खेत देखने गया। वहां से घर लौटते समय दिलावरपुर गांव के पास रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी समीर ने पहले से अपने साथियों को घटनास्थल के आसपास तैनात कर रखा था। रास्ते में उसने गौतम से कुछ दूर छोड़ने की बात कही और उसकी बाइक पर बैठ गया। जैसे ही बाइक तय स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद अन्य आरोपियों ने मिलकर गौतम पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। कई वार लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी समीर को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी वहां से भाग निकले।

ग्रामीणों के सामने आरोपी ने क्या कहा?
स्थानीय लोगों के मुताबिक पकड़े जाने के बाद आरोपी ने कहा कि उसने यह हत्या इसलिए की क्योंकि उसने मेरी बहन के साथ गलत किया था, इसलिए मार  दिया। ग्रामीणों और आरोपी के बीच हुई बातचीत का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 12 जुलाई को गौतम ने आरोपी की बहन की एक स्टोरी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी। आरोप है कि समीर ने इसे देख लिया था और तभी से वह गौतम की हत्या की योजना बना रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

पिता ने रंजिश से किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सौरभ दीक्षित, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी सहित कई थानों की पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के पिता से बातचीत की। पुलिस के अनुसार, पिता ने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि एसपी सिटी के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गई हैं। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

देर रात मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
घटना के बाद देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान उसका हाफ एनकाउंटर किया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

सुबह हाईवे जाम, परिजनों की तीन मांगें
शनिवार सुबह गौतम के परिजनों और ग्रामीणों ने कांट कोतवाली के सामने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं-

  • मुख्य आरोपी का फुल एनकाउंटर किया जाए।
  • आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई हो।
  • पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाए।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले में विधिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

रिपोर्ट -: कमल सिंह 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content