डिंपल यादव पहुंचीं सोनम वांगचुक के अनशन में, बोलीं- 20 जुलाई को खत्म होगी भूख हड़ताल; CJP ने कहा- इस पर अभी नहीं बनी सहमति

19 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक से जंतर-मंतर पर मिलने पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव। उन्होंने दावा किया कि वांगचुक 20 जुलाई को अनशन खत्म करेंगे, जबकि CJP ने इस पर अलग तस्वीर पेश की। आखिर मंच पर क्या हुआ, सरकार पर क्या आरोप लगे और आगे आंदोलन की रणनीति क्या है?

Jul 17, 2026 - 11:31
 0
डिंपल यादव पहुंचीं सोनम वांगचुक के अनशन में, बोलीं- 20 जुलाई को खत्म होगी भूख हड़ताल; CJP ने कहा- इस पर अभी नहीं बनी सहमति

जंतर-मंतर पर पिछले 19 दिनों से जारी सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल अब नए राजनीतिक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव अपने पार्टी के सांसदों और विधायक के साथ आंदोलन स्थल पहुंचीं। मंच से उन्होंने दावा किया कि सोनम वांगचुक ने उनसे कहा है कि वे 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे। हालांकि, डिंपल यादव के इस दावे के कुछ ही देर बाद आंदोलन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी ने अलग रुख सामने रखा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि डिंपल यादव ने वांगचुक से 20 जुलाई को अनशन समाप्त करने का अनुरोध जरूर किया है, लेकिन सोनम वांगचुक ने इस पर अभी तक कोई सहमति नहीं दी है।

जंतर-मंतर पर पहुंचते ही लगे नारे
दोपहर करीब 3:30 बजे जब डिंपल यादव जंतर-मंतर पहुंचीं तो मंच पर उनके स्वागत के दौरान इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगे। इसके बाद उन्होंने मंच से केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। डिंपल यादव ने कहा कि सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन जी रहा है और कौन मर रहा है। इतनी कठोर सरकार देश में पहले कभी नहीं आई। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले जाने वाले मार्च में बड़ी संख्या में शामिल हों, क्योंकि यह युवाओं के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है।

डिंपल यादव के भाषण की दो बड़ी बातें
अपने संबोधन के दौरान डिंपल यादव ने दो प्रमुख मुद्दों पर सरकार को घेरा। पहला, उन्होंने कहा कि देश में डर का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को सलाम करते हुए कहा कि कई छात्रों की तबीयत खराब हुई है और युवाओं को संगठित करने का काम CJP ने किया है। उनके मुताबिक यदि देश का युवा मजबूत होगा तो उसे कोई हरा नहीं सकता। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह छात्रों और किसानों के साथ खड़ी है। दूसरा, उन्होंने सरकार पर गांधी के आदर्शों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। डिंपल यादव ने कहा कि सरकार और भाजपा गांधी के आदर्शों को नहीं मानती। केवल राम के नाम का प्रयोग करके सत्ता में बने रहना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को केवल वोट के जरिए रोका जा सकता है।

अनशन खत्म करने को लेकर क्या बोले अभिजीत दीपके ?
डिंपल यादव के बयान के बाद आंदोलन के आयोजकों ने स्पष्ट किया कि अभी तक सोनम वांगचुक ने अनशन समाप्त करने का कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि मैम डिंपल यादव ने सर सोनम वांगचुक से 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल खत्म करने का अनुरोध किया। इसके बाद उनकी पार्टी संसद में इस लड़ाई को आगे बढ़ाएगी। लेकिन सर सोनम वांगचुक ने इस पर अभी तक कुछ नहीं कहा है। 

19 दिन से भूख हड़ताल, 8.9 किलो तक घटा वजन
सोनम वांगचुक NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 19 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलन से जुड़े लोगों का दावा है कि इस दौरान उनका वजन 8.9 किलो तक कम हो चुका है, जिसके चलते उनकी सेहत को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है।

अखिलेश यादव पहले ही कर चुके हैं अनशन खत्म करने की अपील
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी इस आंदोलन के समर्थन में खुलकर सामने आ चुके हैं। उन्होंने 14 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि उन्होंने फोन पर सोनम वांगचुक का हालचाल लिया और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की। अखिलेश यादव ने कहा था कि देश को वांगचुक के नैतिक नेतृत्व की जरूरत है, इसलिए उन्हें स्वास्थ्य लाभ लेकर नए आंदोलन की शुरुआत करनी चाहिए। अपने पोस्ट में उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि NEET पेपर लीक और राम मंदिर में चोरी जैसे मामले सरकार की विफलता को दिखाते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वांगचुक के आंदोलन को लेकर दुनिया भर में उठ रही चिंता से भारत की लोकतांत्रिक छवि प्रभावित हो रही है।

एक दिन पहले प्रिया सरोज भी पहुंची थीं आंदोलन स्थल
डिंपल यादव से पहले समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज भी जंतर-मंतर पहुंची थीं। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी युवाओं के साथ खड़े हैं। किसी से डरना नहीं है और न ही रुकना है। हम संघर्ष से ही आगे बढ़ पाएंगे। मैं सदन में भी आपकी आवाज उठाऊंगी।

डिंपल यादव के साथ कौन-कौन रहा मौजूद
जंतर-मंतर पर डिंपल यादव के साथ समाजवादी पार्टी के कई सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। इनमें मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा, आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव, फतेहपुर से सांसद नरोत्तम पटेल, रामपुर से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, संत कबीरनगर से सांसद पप्पू निषाद और मछलीशहर से विधायक रागिनी सोनकर शामिल रहीं।

क्या है पूरा आंदोलन?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन की प्रमुख मांग NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। CJP का गठन उस टिप्पणी के बाद हुआ था, जिसमें बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। संगठन का आरोप है कि छात्रों की आवाज उठाने वाले सोनम वांगचुक को सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, जबकि सरकार जवाबदेही से बच रही है।

पहले भी आंदोलन कर चुके हैं सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक इससे पहले लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर भी लंबे आंदोलन का चेहरा रहे हैं। उन्हें सितंबर 2025 में लेह में हुई हिंसा के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत हिरासत में लिया गया था और करीब 170 दिन तक जोधपुर जेल में रखा गया। उस मामले में सरकार ने उन पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sushant Pratap Singh Sushant Pratap Singh is an Indian content creator, video producer, and media professional known for creating political explainer videos, digital journalism content, and social media campaigns. He has worked with UP News Network and specializes in video production, content writing, and social media management. Sushant Pratap Singh began his media career as a content creator and video producer associated with UP News Network. During his professional journey, he worked on political and social explainer content, digital journalism, and social media engagement. He has experience in producing and editing news videos, writing articles for digital platforms, and managing online audience engagement through social media strategies. His work also includes anchoring, on-camera presentation, and graphic design for digital media content. Skills-: Content Writing and Article Writing | Social Media Management | Anchoring and Presentation | Video Editing using Adobe Premiere Pro | Video Production | Graphic Design using Canva | Political and Social Explainer Content