गौतम मौर्य हत्याकांड में सरकार का बड़ा कदम, CM योगी से मुलाकात के बाद पीड़ित परिवार को मिले 5 लाख रुपए, अब परिवार को मिलेंगी ये बड़ी सुविधाएं
शाहजहांपुर के चर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड में मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। BJP विधायक अरविंद सिंह ने परिवार को चेक सौंपते हुए आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया। जानिए परिवार से क्या कहा गया और आगे सरकार की क्या तैयारी है।
शाहजहांपुर। बहुचर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो गई है। ददरौल विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक अरविंद सिंह ने गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत 5 लाख रुपये का चेक परिवार को सौंपा। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि न्याय मिलने तक हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी। विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई होगी।
परिवार को सरकारी योजनाओं का भी मिलेगा लाभ
विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने परिवार के लिए टाउन एरिया में आवास, अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड तथा अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि न्याय मिलने तक वह स्वयं उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। साथ ही सरकार भविष्य में भी परिवार को आवश्यक हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
गांव में जुटे ग्रामीण, परिवार को बंधाया ढांढस
विधायक के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और धैर्य बनाए रखने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- कमल सिंह
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
