CJP से बात करने को तैयार हुई मोदी सरकार, जेपी नड्डा से मिलेगी CJP की टीम, प्रदर्शनकारियों के संसद मार्च के बीच सरकार का बड़ा फैसला
दिल्ली में CJP के संसद मार्च के बीच माहौल गर्म है। एक ओर सरकार की तरफ से बातचीत के लिए जेपी नड्डा से CJP प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात तय हुई है, तो दूसरी ओर अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने स्वास्थ्य सामान्य होने का दावा करते हुए मार्च में शामिल होने की अनुमति मांगी है। आखिर आंदोलन अब किस दिशा में जाएगा?
दिल्ली में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च ने एक नया राजनीतिक मोड़ ले लिया। एक तरफ हजारों समर्थक जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ने की तैयारी में जुटे रहे, वहीं दूसरी ओर सरकार की तरफ से बातचीत का रास्ता भी खुलता नजर आया। CJP के प्रतिनिधिमंडल को केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के लिए बुलाया गया है। इसी बीच आंदोलन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर संसद मार्च में शामिल होने की अनुमति मांगी है। उनका कहना है कि उनकी तबीयत अब सामान्य है और यदि वह हिरासत में नहीं हैं, तो उन्हें मार्च में शामिल होने से क्यों रोका जा रहा है।
जंतर-मंतर से संसद तक मार्च की कोशिश
सोमवार सुबह से ही जंतर-मंतर पर CJP समर्थकों की बड़ी संख्या जुटनी शुरू हो गई। पार्टी ने यहां से संसद तक मार्च का आह्वान किया था। प्रदर्शन के दौरान कई छात्र और युवा कार्यकर्ता संसद की ओर बढ़ने लगे, जिन्हें रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने बैरिकेडिंग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट मोड पर रही और संसद मार्ग के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
सरकार की तरफ से जेपी नड्डा से मिलेगी CJP की टीम
आंदोलन के बीच सरकार की ओर से बातचीत की पहल भी सामने आई है। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सोमवार सुबह सरकार की तरफ से संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि वह आशुतोष रांका के साथ बातचीत के लिए जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं। उनके अनुसार पार्टी बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन समाधान उनकी प्रमुख मांगों के आधार पर ही होना चाहिए। CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पार्टी की मांगें पूरी तरह स्पष्ट हैं और देशभर से बड़ी संख्या में युवा आंदोलन के समर्थन में जुटे हैं। CJP सरकार के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन समाधान हमारी प्रमुख मांगों पर आधारित होना चाहिए।
सोनम वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन को लिखा पत्र
उधर अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी तबीयत अब पहले से बेहतर है और स्वास्थ्य संबंधी सभी पैरामीटर सामान्य हैं। इसी आधार पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर अस्थायी रूप से अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति मांगी है, ताकि वह संसद मार्च में शामिल हो सकें। अपने पत्र में सोनम ने लिखा कि आज मैं पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं और मेरे स्वास्थ्य संबंधी सभी पैरामीटर भी सामान्य हैं। इसलिए मेरा अनुरोध है कि कृपया मुझे अस्पताल से, भले ही अस्थायी रूप से, बाहर जाने की अनुमति दें, ताकि मैं आज सुबह संसद मार्च में शामिल हो सकूं। इसके लिए मैं आपका आभारी रहूंगा।
'अगर हिरासत में नहीं हूं तो पाबंदियां क्यों?'
सोनम वांगचुक ने अपने पत्र की प्रति सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि मैं आप सभी से मिलने की पूरी कोशिश कर रहा हूं। मैंने अस्पताल को पत्र सौंप दिया है क्योंकि मेरी सेहत अच्छी है और उनका कहना है कि मैं हिरासत में नहीं हूं। अगर ऐसा है तो फिर मुझ पर ये पाबंदियां क्यों?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
