राम मंदिर चढ़ावा विवाद में अब पीएम मोदी से जवाब मांग रही कांग्रेस, राहुल-खड़गे की चिट्ठी से बढ़ा सियासी पारा,आज खत्म होगी मुख्य आरोपी की पुलिस रिमांड
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद अब सिर्फ पुलिस जांच तक सीमित नहीं रहा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच, खातों को सार्वजनिक करने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, मुख्य आरोपी टिन्नू और उसके भतीजे मनीष की पुलिस रिमांड भी आज खत्म हो रही है। जानिए इस पूरे विवाद में अब तक क्या-क्या हुआ।
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला अब केवल पुलिस जांच का विषय नहीं रह गया है। इस मामले में कांग्रेस ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कई सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री से ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच कराने, खातों को सार्वजनिक करने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। शनिवार को लिखी गई यह चिट्ठी रविवार को सार्वजनिक हुई।
कांग्रेस ने पीएम मोदी से क्या कहा ?
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पत्र में कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि हर श्रद्धालु यह जान सके कि मंदिर में मिले चढ़ावे का उपयोग कहां और किस तरह किया गया। पत्र में यह भी कहा गया है कि जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाए, उसकी जवाबदेही तय की जाए और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई हो।
ट्रस्ट के गठन को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाया कि संसद में राम मंदिर ट्रस्ट के गठन की घोषणा उन्होंने स्वयं की थी, लेकिन ट्रस्ट के सदस्यों की नियुक्ति पूरी तरह सरकार ने की। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा कि यह बात जगजाहिर है कि ट्रस्ट के सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद (VHP) और उससे जुड़े संगठनों से जुड़े हैं। पत्र में यह भी कहा गया कि ट्रस्ट के पूर्व महासचिव भी प्रधानमंत्री के करीबी रहे हैं। ऐसे में इस पूरे मामले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रधानमंत्री का कर्तव्य है और सरकार तथा ट्रस्ट दोनों की साख इसी पर निर्भर करती है।
आज खत्म होगी मुख्य आरोपी की पुलिस रिमांड
उधर, इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ 'टिन्नू' और उसके भतीजे मनीष की पुलिस कस्टडी का रविवार को आखिरी दिन है। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस दोनों को जिला जेल से 39 घंटे की रिमांड पर लेकर गई थी। दिनभर पूछताछ के बाद देर रात तक दोनों से स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) कार्यालय में पूछताछ जारी रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों को कहीं बाहर नहीं ले जाया गया और पूरी पूछताछ एसओजी कार्यालय में ही हुई।
मंदिर में क्या थी दोनों की जिम्मेदारी?
जांच एजेंसियों के अनुसार, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता रहा है। वह मंदिर में रखे दानपात्रों की देखरेख का काम करता था, जबकि उसका भतीजा मनीष चढ़ावे की गिनती से जुड़े कार्य में शामिल था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान टिन्नू के घर से एक लाख रुपये और मनीष के घर से दो लाख रुपये बरामद किए थे।
इससे पहले छह अन्य आरोपी भी जा चुके हैं रिमांड पर
इस मामले में पुलिस इससे पहले छह अन्य आरोपियों अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, रमाशंकर मिश्रा और करुणेश को भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसियां पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन, चढ़ावे की गिनती और धन के उपयोग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
