देशभर में भीषण गर्मी का कहर, जानिए किन लोगों को भूलकर भी नहीं निकलना चाहिए बाहर
देशभर में भीषण गर्मी और लू का कहर बढ़ा. जानिए किन लोगों को तेज धूप में बाहर नहीं निकलना चाहिए और डॉक्टरों ने क्या सावधानियां बताई हैं.
देश के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि देश के कई हिस्सों में पारा 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में कुछ लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी और कमजोरी जैसे लक्षण गर्मी लगने या हीट स्ट्रोक का संकेत हो सकते हैं.
क्या होती है लू और क्यों बढ़ता है खतरा?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार जब किसी क्षेत्र का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है और गर्म हवाएं चलने लगती हैं, तो उस स्थिति को लू या हीट वेव कहा जाता है. इस दौरान शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है और शरीर खुद को ठंडा नहीं रख पाता. ऐसी स्थिति में हीट स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ जाता है. डॉक्टरों का कहना है कि छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.
बच्चों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा खतरा
विशेषज्ञों के मुताबिक 1 से 5 साल तक के बच्चों को तेज धूप में बाहर नहीं निकालना चाहिए. बच्चों की बॉडी ज्यादा एक्टिव होती है, जिससे शरीर से तेजी से पसीना निकलता है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है. वहीं गर्भवती महिलाओं को भी भीषण गर्मी में घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है. अगर जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो पानी की बोतल, नारियल पानी या हाइड्रेटेड फूड साथ रखना जरूरी बताया गया है.
पुरानी बीमारियों वाले लोग रहें सतर्क
डॉक्टर के अनुसार दिल की बीमारी, डायबिटीज, मोटापा और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को भी गर्मी में बाहर निकलने से बचना चाहिए. कुछ दवाइयां शरीर की हाइड्रेशन क्षमता को प्रभावित करती हैं, जिससे ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है.
गर्मी से बचने के लिए क्या करें?
डॉक्टरों ने दिनभर पर्याप्त पानी पीने, तरबूज और खरबूजे जैसे मौसमी फल खाने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है. तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाना इस मौसम में फूड प्वाइजनिंग का कारण बन सकता है. इसके अलावा सुबह के समय हल्की सैर करना बेहतर माना गया है. धूप से बचने के लिए सिर को ढककर रखें और जरूरत पड़ने पर सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
