इंडक्शन चूल्हे की बढ़ती मांग के बीच माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास बना सबसे जरूरी फीचर
इंडक्शन कुकटॉप खरीदने से पहले यह जान लें कि माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास इंडक्शन स्टोव में क्यों महत्वपूर्ण है, इसके फायदे, विशेषताएं और सुरक्षा संबंधी सुझाव क्या हैं।
एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में आ रही दिक्कतों के कारण इन दिनों लोग तेजी से इंडक्शन चूल्हों की ओर रुख कर रहे हैं। बाजार में सस्ते और अच्छे इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गई है। लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह से तेजी से खरीदारी कर रहे हैं। लेकिन जल्दबाजी में कई लोग एक बहुत जरूरी फीचर को नजरअंदाज कर रहे हैं, जो है इंडक्शन में इस्तेमाल होने वाला ग्लास। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर सही तरह का ग्लास नहीं हुआ तो इंडक्शन जल्दी खराब हो सकता है। ऐसे में माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास का महत्व समझना बेहद जरूरी है।
क्या होता है माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास?
माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास एक हाई-टेक मटेरियल है, जिसे ग्लास-सिरेमिक भी कहा जाता है। यह पारदर्शी और चमकदार होता है और काफी मजबूत माना जाता है। इसे बनाने के लिए कांच को पिघलाकर उसमें खास तत्व मिलाए जाते हैं, जिससे इसके अंदर छोटे-छोटे क्रिस्टल बन जाते हैं। यही क्रिस्टल इसे सामान्य ग्लास से ज्यादा मजबूत और टिकाऊ बनाते हैं।
माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास की खासियतें
यह ग्लास 700 से 800 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान को आसानी से सहन कर सकता है और जल्दी टूटता या चटकता नहीं है। अगर गर्म इंडक्शन पर ठंडा पानी गिर जाए, तब भी इसे नुकसान नहीं होता। इसकी सतह काफी सख्त होती है, जिससे इसमें खरोंच नहीं आती और इंडक्शन लंबे समय तक नया जैसा दिखता है। इसके अलावा, इसकी सफाई भी बहुत आसान होती है क्योंकि इसमें तेल या खाना चिपकता नहीं है।
इंडक्शन के लिए क्यों जरूरी है यह ग्लास?
माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास इंडक्शन चूल्हे की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है। यह ज्यादा गर्मी को सहन करता है और केवल बर्तन वाले हिस्से को ही गर्म होने देता है। इससे इंडक्शन का बाकी हिस्सा सुरक्षित रहता है। साथ ही भारी बर्तन रखने पर भी इंडक्शन टूटने का खतरा कम हो जाता है।
अगर यह ग्लास न हो तो क्या नुकसान?
अगर इंडक्शन में माइक्रोक्रिस्टलाइन ग्लास नहीं है, तो वह ज्यादा तापमान सहन नहीं कर पाएगा और जल्दी खराब हो सकता है। सामान्य ग्लास वाले इंडक्शन पर ठंडा पानी डालने या जोर से बर्तन रखने पर वह चटक सकता है। इससे हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है।
क्या सावधानी बरतें?
अगर आपके इंडक्शन में यह ग्लास नहीं है, तो उसे इस्तेमाल करते समय सावधानी जरूरी है। गर्म इंडक्शन पर तुरंत पानी न डालें और गीले कपड़े से न पोछें। बर्तन को धीरे से रखें और घसीटने से बचें। अगर ग्लास में दरार दिखे, तो तुरंत उसे ठीक करवाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
