इलाज के दौरान लड़की को OT में ले गया डॉक्टर, नशीला इंजेक्शन लगा किया रेप, अस्पताल सील
Lucknow News: लखनऊ के तेजस अस्पताल में इलाज के दौरान 19 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोप के बाद सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लिया गया है, अस्पताल सील करने के आदेश दिए गए हैं और डॉक्टर का मेडिकल लाइसेंस निलंबित कर उसकी बीएएमएस डिग्री जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राजधानी लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र स्थित तेजस हॉस्पिटल में 19 वर्षीय इंटर की छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल संचालक डॉक्टर विजय कुमार गिरी ने छात्रा को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर नशीला इंजेक्शन दिया और उसके साथ गलत काम किया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने भी मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील करने और आरोपी डॉक्टर का लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
इलाज के लिए भर्ती हुई थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक पीड़िता मिर्गी यानी एपिलेप्सी की बीमारी का इलाज कराने के लिए तीन दिन पहले तेजस हॉस्पिटल में भर्ती हुई थी। परिवार का आरोप है कि डॉक्टर विजय कुमार गिरी, जो अस्पताल संचालक भी हैं, छात्रा को ऑपरेशन थिएटर में ले गए और वहां उसे नशीला इंजेक्शन दिया गया। परिजनों के अनुसार डॉक्टर ने पहले छात्रा की बड़ी बहन और अस्पताल की नर्स को ऑपरेशन थिएटर से बाहर भेज दिया। इसके बाद कथित रूप से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। परिवार का यह भी आरोप है कि दोपहर में एक बार फिर छात्रा को ओटी में ले जाया गया और वहां दोबारा नशीला इंजेक्शन देकर गलत काम किया गया।
छात्रा ने परिवार को बताई पूरी बात
परिवार का कहना है कि बेहोशी की हालत में छात्रा ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन भड़क गए और अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर बीकेटी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरी को तुरंत हिरासत में ले लिया।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। साथ ही अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अस्पताल कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
सरकार ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने तुरंत संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर तेजस हॉस्पिटल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा आरोपी डॉक्टर का मेडिकल लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। उसकी आयुर्वेदिक डिग्री यानी बीएएमएस डिग्री जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने झांसी के एक निजी मेडिकल कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
