लखनऊ में लाइब्रेरी में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए छात्र ने लगाई छलांग, मामले का सीएम योगी ने लिया संज्ञान
लखनऊ के अलीगंज में तीन मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर चल रही लाइब्रेरी और स्टूडियो में भीषण आग लग गई। जान बचाने के लिए एक छात्र ने ऊपर से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गया। फायर ब्रिगेड ने दीवार तोड़कर रेस्क्यू करने में जुटी है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेकर राहत और उपचार के निर्देश दिए।
लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। जिस दूसरी मंजिल पर छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, वहीं कुछ ही मिनटों में धुएं का गुबार भर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्र और कर्मचारी बाहर निकलने का रास्ता नहीं खोज पाए। हालात ऐसे हो गए कि एक युवक ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सड़क के दूसरी ओर पहुंचाया और अस्पताल भेजा।
नीचे पेट शॉप, ऊपर लाइब्रेरी
जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर लर्निंग स्पेस नाम से लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर चलाया जाता है। इसी फ्लोर पर हेड हॉपर स्टूडियो भी है, जहां 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है। दोपहर के समय यहां बड़ी संख्या में छात्र और कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही पूरा फ्लोर धुएं से भर गया और कई लोग अंदर फंस गए।
दीवार तोड़कर अंदर पहुंची फायर टीम
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद ली गई। जब मुख्य रास्ते से अंदर पहुंचना मुश्किल हुआ तो फायरकर्मियों ने बिल्डिंग के पीछे की दीवार तोड़कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
मौके पर पहुंचे आलाधिकारी और डिप्टी सीएम
हादसे की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। जिलाधिकारी विशाख जी भी मौके पर पहुंचे और फायर अधिकारियों के साथ राहत कार्य की निगरानी की। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। करीब 14 एम्बुलेंस भी मौके पर तैनात की गईं, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
सीएम योगी ने लिया तत्काल संज्ञान, दिए सख्त निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने, राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने देने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रिपोर्ट- संदीप शुक्ला
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
