कासगंज में देर रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार, लूट की बाइक और अवैध हथियार बरामद
कासगंज में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार किए गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए।
कासगंज में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सोरों पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने देर रात हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से एक दिन पहले लूटी गई बाइक, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, सोरों थाना क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सहावर की ओर से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला लूट का राज
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके पास से बरामद टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल कासगंज कोतवाली क्षेत्र से एक दिन पहले लूटी गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कश्यप निवासी ग्राम नौरथा, थाना कोतवाली कासगंज, अमृत निवासी मोहल्ला नवाब, कासगंज और गोविंद निवासी ग्राम गोयती, थाना सोरों के रूप में की है। मुठभेड़ में घायल विशाल कश्यप का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व थाना सोरों के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी और एसओजी प्रभारी चंचल कुमार ने अपनी टीम के साथ किया। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
रिपोर्ट-: जुम्मन कुरैशी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
