परछावन की रस्म... दरवाजे पर खड़ी थी बारात, तभी पुलिस लेकर पहुंच गई प्रेमिका, कांस्टेबल दूल्हा शेरवानी में ही हुआ फरार

Uttar Pradesh News: गोरखपुर के छपिया गांव में शादी से पहले दूल्हे की प्रेमिका पुलिस लेकर पहुंच गई और हंगामा कर दिया। युवती ने दो साल तक शोषण का आरोप लगाया। इस दौरान दूल्हा मौके से फरार हो गया और बारात रुक गई। पुलिस पहले से दर्ज मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।

May 4, 2026 - 12:00
 0
परछावन की रस्म... दरवाजे पर खड़ी थी बारात, तभी पुलिस लेकर पहुंच गई प्रेमिका, कांस्टेबल दूल्हा शेरवानी में ही हुआ फरार

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खजनी थाना क्षेत्र के छपिया गांव में रविवार को एक युवक की शादी से पहले बड़ा हंगामा हो गया। बारात निकलने की तैयारी चल रही थी, तभी उसकी कथित प्रेमिका पुलिस के साथ उसके घर पहुंच गई। युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दो साल तक शोषण करने का आरोप लगाया। इस अचानक घटनाक्रम से शादी का माहौल तनाव में बदल गया। हंगामे के बीच दूल्हा मौके से फरार हो गया और बारात रुक गई। घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

दो साल के रिश्ते का आरोप
जानकारी के मुताबिक, गांव के राम भागवत यादव का बेटा विपिन यादव पीएसी में कांस्टेबल है। करीब दो साल पहले उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसकी मुलाकात लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर काम करने वाली एक युवती से हुई। युवती मूल रूप से आजमगढ़ की रहने वाली है।  युवती का आरोप है कि विपिन यादव ने उससे शादी का वादा किया था और पिछले दो वर्षों से उसका शोषण करता रहा। अब वह उसे छोड़कर पीपीगंज क्षेत्र की एक दूसरी युवती से शादी करने जा रहा था।

शादी के दिन पहुंची प्रेमिका, मचा हंगामा
रविवार को जब विपिन यादव की बारात निकलने की तैयारी हो रही थी और परछावन की रस्म चल रही थी, तभी युवती पुलिस के साथ उसके घर पहुंच गई। उसने मौके पर जमकर हंगामा किया और युवक पर धोखा देने का आरोप लगाया। अचानक हुई इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोग बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए। इसी दौरान मौका देखकर दूल्हा वहां से भाग निकला और बारात पूरी तरह रुक गई।

पहले से दर्ज था मामला
खजनी थाना प्रभारी जयंत कुमार के अनुसार, आरोपी युवक के खिलाफ पहले से ही लखनऊ के गोमतीनगर थाने में मामला दर्ज है। उसी मामले में कार्रवाई करने के लिए लखनऊ पुलिस की टीम खजनी पहुंची थी। खजनी पुलिस के साथ मिलकर युवक के घर दबिश दी गई, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। पुलिस को घर पर परिवार का कोई जिम्मेदार सदस्य भी नहीं मिला। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ शादी की खुशियां थीं, वहीं दूसरी तरफ अचानक हुए इस घटनाक्रम ने सबको हैरान कर दिया। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।